कूड़ा फेंकने के लिए अनुष्का शर्मा ने शख्स को लताड़ लगाई

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 17, 2018

मुंबई। अभिनेत्री अनुष्का शर्मा ने सड़क पर कथित रूप से कूड़ा फेंकने के लिए एक शख्स को आड़े हाथों लिया और उनके पति एवं भारतीय टीम के क्रिकेटर विराट कोहली ने इस वाकये को रिकॉर्ड कर लिया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। कुल 17 सेकेंड के इस वीडियो में अनुष्का को सड़क पर कूड़ा फेंक रहे एक शख्स को लताड़ लगाते हुए देखा जा सकता है जो एक सेडान में सवार है। वीडियो में वह व्यक्ति नहीं दिख रहा। कोहली ने इस वीडियो को ट्विटर पर साझा किया है। इसमें अनुष्का को यह कहते हुए सुना जा सकता है, “आप सड़क पर कूड़ा क्यों फेंक रहे हैं। आप इस तरह से सड़कों पर प्लास्टिक नहीं फेंक सकते।”

बाद में उन्होंने व्यक्ति से सड़क पर कूड़ा फेंकने की बजाए कूड़ेदान का इस्तेमाल करने को कहा। कोहली ने इस क्लिप के साथ अनुष्का को टैग करते हुए लिखा, “इन लोगों को सड़क पर कूड़ा फेंकते हुए देखा और उनकी खिंचाई की। आलीशान गाड़ी में सफर कर रहे हैं लेकिन दिमाग सही ढंग से नहीं चला रहे। ये लोग हमारे देश को साफ रखेंगे? अगर आप इस तरह का कुछ गलत होते हुए देखें तो ऐसा ही करें और जागरुकता फैलाएं।” अनुष्का ने जिस शख्स को लताड़ लगाई उसने उनकी आलोचना करते हुए कहा कि वह किसी राह चलते व्यक्ति की तरह चीख रही थीं। उस शख्स ने अपनी पहचान अरहान सिंह के रूप में की और फेसबुक पर पोस्ट में कहा कि वह अपनी लापरवाही के लिए “माफी चाहते है” लेकिन अभिनेत्री को अपनी बोली में कुछ तहजीब दिखानी चाहिए थी। 

 

सिंह ने कहा कि यह एक वर्ग मिलीमीटर का प्लास्टिक का टुकड़ा था जो गलती से उसकी कार से बाहर आ गया था। उसने लिखा, “यह आपके मुंह से .. आलीशान गाड़ी की खिड़की से या विराट कोहली के बेकार दिमाग से निकले कूड़े से बहुत कम था जिसने इसे शूट किया और ऑनलाइन पोस्ट किया .. चाहे किसी भी फायदे के लिए।’’ अनुष्का ने फिलहाल इसपर कोई प्रतिक्रिया नहीं की है।

प्रमुख खबरें

Maharashtra : IPL पर सट्टा लगाने वाले गिरोह का भंडाफोड़, तीन लोग गिरफ्तार

Andhra Pradesh: जगन मोहन रेड्डी ने जारी किया YSRCP का घोषणापत्र, पुरानी योजनाओं पर दिखा भरोसा

Madhya Pradesh : मरम्मत के लिए खड़ी बस के खाई में गिरने से 10 यात्री घायल

ED ने अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह मामले में उत्तराखंड के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया