By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 16, 2026
टाटा स्टील के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एवं प्रबंध निदेशक टी. वी. नरेंद्रन ने कहा है कि कंपनी को चालू वित्त वर्ष की दूसरी छमाही में पहली छमाही की तुलना में काफी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि इस्पात की मांग मजबूत बनी हुई है और बाजार की परिस्थितियां अनुकूल हैं। इसके अलावा, वाहन और निर्माण जैसे प्रमुख ग्राहक क्षेत्रों में वृद्धि भी उत्साहजनक रही है, जिससे कंपनी को पहली छमाही में बेहतर प्रदर्शन करने में मदद मिली। नरेंद्रन ने कहा कि पश्चिम एशिया में संघर्ष का कंपनी पर प्रति तिमाही करीब 1,000 करोड़ रुपये और वैश्विक स्तर पर करीब 1,400 करोड़ रुपये का असर पड़ा है।
उन्होंने यह बात रविवार को जमशेदपुर में पांच दिवसीय अखिल भारतीय जनजातीय सम्मेलन ‘संवाद’ के उद्घाटन के मौके पर आयोजित कार्यक्रम से इतर पत्रकारों से बातचीत में कही। नरेंद्रन ने पहली छमाही के दौरान ओडिशा में कंपनी के कलिंगनगर और मेरामंडली संयंत्रों में परिचालन संबंधी चुनौतियों को स्वीकार किया, लेकिन भरोसा जताया कि दूसरी छमाही में उत्पादन तथा परिचालन में स्थिरता आएगी। विस्तार योजनाओं पर नरेंद्रन ने कहा कि टाटा स्टील ने नीलाचल इस्पात निगम लिमिटेड में 50 लाख टन की क्षमता वृद्धि की घोषणा की है।
कंपनी लुधियाना स्थित अपनी इकाई की तर्ज पर दक्षिणी और पश्चिमी भारत में कबाड़ आधारित इस्पात संयंत्र स्थापित करने पर भी विचार कर रही है। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर संयंत्र में आगे विस्तार की गुंजाइश सीमित है। वहां कंपनी का ध्यान टिनप्लेट और कॉम्बीमिल्स जैसी डाउनस्ट्रीम इकाइयों तथा कार्बन उत्सर्जन घटाने के लिए हिसारना स्टीलमेकिंग और ईएएसवाईमेल्ट सहित नई प्रौद्योगिकियों को अपनाने पर होगा। उन्होंने कहा, ‘‘टाटा स्टील के पास विस्तार के लिए कलिंगनगर और नीलाचल में करीब 6,000 एकड़ जमीन है और कंपनी की कुल क्षमता बढ़ाकर चार करोड़ टन करने की योजना है।
इस लक्ष्य को अगले कुछ वर्षों में हासिल करने के लिए कई परियोजनाओं पर काम पहले ही शुरू किया जा चुका है।’’ नरेंद्रन ने कहा कि दक्षिणी और पश्चिमी भारत में प्रस्तावित कबाड़ आधारित संयंत्रों के लिए करीब 100-150 एकड़ जमीन की जरूरत होगी। इन्हें एक से दो साल के भीतर स्थापित किया जा सकता है। आठ लाख टन क्षमता वाले एक संयंत्र पर करीब 3,000 करोड़ रुपये का निवेश होगा।
उन्होंने कहा कि ऐसे संयंत्र लौह अयस्क आधारित इस्पात इकाइयों की तुलना में अधिक महंगे होते हैं, लेकिन इन्हें कबाड़ उत्पादन के स्रोतों के करीब स्थापित किया जा सकता है। नरेंद्रन ने कहा कि कंपनी महाराष्ट्र के चिरोली में भी संयंत्र स्थापित करने की संभावना तलाश रही है और इस संबंध में राज्य सरकार के साथ बातचीत जारी है। टाटा स्टील के सामने मौजूद चुनौतियों के बारे में पूछे जाने पर नरेंद्रन ने कहा कि भू-राजनीतिक स्थिति एक बड़ी चिंता है, जिस पर कंपनी का कोई नियंत्रण नहीं है।
उन्होंने कहा, ‘‘बाहरी मुद्दों पर हमारा नियंत्रण नहीं है, लेकिन लागत और उत्पादकता ऐसे क्षेत्र हैं जिन पर हम ध्यान दे रहे हैं।’’ सम्मेलन के 13वें संस्करण में 26 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 353 जनजातीय समुदायों का प्रतिनिधित्व करने वाले करीब 2,500 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। सांस्कृतिक आदान-प्रदान और संवाद के लिए आयोजित यह सम्मेलन 19 नवंबर तक चलेगा।