By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 16, 2026
(सज्जाद हुसैन) इस्लामाबाद, 16 नवंबर पाकिस्तान ने सोमवार को अफगानिस्तान से क्षेत्रीय सहयोग में प्रगति के लिए पड़ोसी देशों की सुरक्षा संबंधी चिंताओं, विशेष रूप से आतंकवाद के खतरे का समाधान करने का आग्रह किया। पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इसहाक डार ने कहा कि एक ऐसा स्थिर अफगानिस्तान उसकी जनता के साथ-साथ पूरे क्षेत्र के हित में होगा, जो अपने भीतर और अपने सभी पड़ोसी देशों के साथ शांति बनाए रखे। डार इस्लामाबाद में आयोजित आर्थिक सहयोग संगठन (ईसीओ) की मंत्रिपरिषद की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
ईसीओ एक क्षेत्रीय अंतर-सरकारी संगठन है, जिसकी स्थापना 1985 में पाकिस्तान, ईरान और तुर्किये ने की थी। यह दो दिवसीय सम्मेलन रविवार को यहां शुरू हुआ। ईसीओ के सभी 10 सदस्य देशों- पाकिस्तान, अफगानिस्तान, अजरबैजान, ताजिकिस्तान, ईरान, तुर्किये, कजाखस्तान, तुर्कमेनिस्तान, किर्गिस्तान और उज्बेकिस्तान के अधिकारी इस बैठक में हिस्सा ले रहे हैं।
डार का यह बयान ऐसे समय आया है, जब दोनों पड़ोसी देशों के बीच तनाव लगातार बना हुआ है। इस्लामाबाद का आरोप है कि तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) सहित आतंकवादी संगठन अफगानिस्तान की सरजमीं से काम कर रहे हैं और पाकिस्तान के भीतर हमले कर रहे हैं। इसी वजह से दोनों देशों के संबंधों में तनाव बना हुआ है।
अफगान तालिबान ने इन आरोपों को बार-बार खारिज किया है। उसका कहना है कि अफगानिस्तान अपनी जमीन का इस्तेमाल किसी अन्य देश के खिलाफ नहीं होने देता। सीमा पार से होने वाली आतंकवादी गतिविधियों को लेकर दोनों पक्षों के बीच बार-बार सीमा पर झड़पें हुई हैं और एक-दूसरे पर आरोप लगाए गए हैं।
इससे दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंध बेहद खराब स्थिति में पहुंच गए हैं। डार ने सोमवार को कहा, ‘‘पाकिस्तान एक शांतिपूर्ण, समृद्ध और स्थिर अफगानिस्तान चाहता है, जो ईसीओ के ढांचे में पूरी तरह से एकीकृत हो और अपने भीतर तथा अपने सभी पड़ोसी देशों के साथ शांति बनाए रखे। ऐसा होने से न केवल अफगानिस्तान की जनता को लाभ होगा, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए भी व्यापार, पारगमन और आर्थिक सहयोग के नए महत्वपूर्ण रास्ते खुलेंगे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि, सार्थक प्रगति के लिए जरूरी है कि अफगान अधिकारी पड़ोसी देशों की जायज सुरक्षा चिंताओं, विशेष रूप से आतंकवाद के खतरे का समाधान करें।’’ उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय आर्थिक साझेदारी को लगातार आगे बढ़ाने के लिए सुरक्षित और स्थिर माहौल जरूरी है।
उन्होंने कहा कि ये बातें क्षेत्रीय संपर्क बढ़ाने की पाकिस्तान की व्यापक योजना के केंद्र में हैं। इस बीच, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची 30वीं ईसीओ मंत्रिपरिषद की बैठक में हिस्सा लेने के लिए इस्लामाबाद पहुंचे। पाकिस्तान के विदेश कार्यालय ने यह जानकारी दी।
बैठक में हिस्सा लेने वाले अन्य देशों के अधिकारी भी इस्लामाबाद पहुंच चुके हैं। वे सोमवार को बैठक के एजेंडे और इस्लामाबाद घोषणापत्र के मसौदे को अंतिम रूप देंगे। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, रविवार को विदेश सचिव आसिम इफ्तिखार अहमद की अध्यक्षता में वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक (एसओएम) आयोजित की गई।
इस बैठक में ईसीओ के सदस्य देशों के वरिष्ठ अधिकारियों, ईसीओ सचिवालय के प्रतिनिधियों और संगठन की विशेष एजेंसियों तथा क्षेत्रीय संस्थानों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। विदेश कार्यालय के अनुसार, पाकिस्तान 2026-27 के लिए ईसीओ की अध्यक्षता कर रहा है और इस दौरान वह ‘‘लचीले एवं मजबूत ईसीओ के लिए क्षेत्रीय सहयोग को पुनर्जीवित करना’’ विषय के तहत संगठन के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास करेगा।