By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 03, 2022
अहमदाबाद। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के उनके समकक्ष भगवंत मान ने रविवार को अपने दो दिवसीय गुजरात दौरे के अंतिम दिन अहमदाबाद के शाहीबाग इलाके में स्थित स्वामीनारायण मंदिर में पूजा-अर्चना की। इससे पहले, आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शनिवार को अहमदाबाद के निकोल इलाके में स्थित एक मंदिर में मत्था टेका था और रोड शो किया था, जिसे गुजरात में दिसंबर में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव के लिए आप के प्रचार अभियान की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है।
रोड शो के बाद केजरीवाल ने राज्य में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी पर अहंकारी होने का आरोप लगाया। उन्होंने गुजरात की जनता से आप को सरकार बनाने का एक मौका देने की अपील की।
पंजाब में कांग्रेस में खींचतान के बीच हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनावों में अपने शानदार प्रदर्शन से उत्साहित आप का लक्ष्य खुद को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गृह राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा के एकमात्र विकल्प के तौर पर पेश करना है।