By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 24, 2026
आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अगले साल की शुरुआत में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के साथ गठबंधन करने को लेकर मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधा और कहा कि सत्ता के लालच में भाजपा किसी भी दल से हाथ मिला सकती है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि ‘आप’ का गठबंधन पंजाब की महिलाओं, अनुसूचित जाति समुदाय, किसानों और व्यापारियों के साथ है। शिअद-भाजपा गठबंधन की घोषणा पर प्रतिक्रिया देते हुए केजरीवाल ने कहा कि दोनों दल अपने राजनीतिक हितों के लिए बार-बार साथ आते रहे हैं और अलग होते रहे हैं।
केजरीवाल ने कहा, ‘‘कभी ये साथ आते हैं, कभी अलग हो जाते हैं और फिर साथ आ जाते हैं। हमारा गठबंधन पंजाब की जनता के साथ है। हम राज्य के विकास के लिए काम कर रहे हैं।’’ उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता ने पिछले पांच वर्षों में भगवंत मान के नेतृत्व वाली ‘आप’ सरकार के कामकाज को देखा है।
केजरीवाल ने कहा कि ‘आप’ सरकार पिछले कई दशकों से राज्य को प्रभावित कर रही समस्याओं का समाधान करने का प्रयास कर रही है। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि पंजाब की जनता तीन कृषि कानूनों के खिलाफ हुए किसान आंदोलन को नहीं भूली है, जिसके दौरान ‘‘700 से अधिक किसानों की मौत हुई थी।’’ उन्होंने शिअद सरकार के कार्यकाल के दौरान हुई बेअदबी की घटनाओं का भी उल्लेख किया और आरोप लगाया कि उसके शासनकाल में पंजाब ने नशे का दौर देखा था। दिल्ली में ‘आप’ के विधायक जरनैल सिंह ने कहा कि शिअद-भाजपा गठबंधन का पंजाब में कोई असर नहीं पड़ेगा।
उन्होंने दोनों दलों की तुलना शून्य से करते हुए कहा कि दो शून्य को जोड़ने पर भी शून्य ही होता है। उन्होंने कहा कि ‘आप’ देश की एकमात्र ऐसी पार्टी है, जो अपने काम के आधार पर वोट मांगती है। उन्होंने कहा कि यदि लोग उसके कामकाज से संतुष्ट हैं तो उन्हें पार्टी के पक्ष में मतदान करना चाहिए।
केजरीवाल ने सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव की जयंती पर लोगों को शुभकामनाएं भी दीं और कहा कि उनका जीवन और उनकी शिक्षाएं कठिन समय में हमारा मार्गदर्शन करती हैं। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘उनका जीवन अपने आप में पूरी दुनिया के लिए एक संदेश था। हमें उनके दिखाए मार्ग पर चलना चाहिए।
जब भी हम कठिनाइयों का सामना करते हैं, उनका जीवन और संघर्ष हमें उन कठिनाइयों से निकलने का रास्ता दिखाते हैं।’’