Asian Champions Trophy: Harmanpreet Singh और सुखजीत के दम पर भारत ने China को 5-2 से रौंदा

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 29, 2026

(सौमोज्योति एस चौधरी) जालंधर, 29 अक्टूबर कप्तान हरमनप्रीत सिंह और स्ट्राइकर सुखजीत सिंह ने अपने घरेलू दर्शकों के सामने दो-दो गोल किए, जिससे भारत ने बृहस्पतिवार को यहां एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी (एसीटी) हॉकी टूर्नामेंट में चीन को 5-2 से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। सुखजीत (12वें और 34वें मिनट) ने दो शानदार मैदानी गोल दागे, जबकि हरमनप्रीत (27वें और 31वें मिनट) ने भारत के लिए दो पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदला। जुगराज सिंह (47वें मिनट) ने भी ओलंपियन सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम में मेजबान टीम के लिए पेनल्टी कॉर्नर पर गोल दागा।

भारत अपना अगला मैच शुक्रवार को जापान के खिलाफ खेलेगा, जबकि चीन का मुकाबला दक्षिण कोरिया से होगा। भारतीय टीम ने शुरू से ही खेल पर नियंत्रण बनाए रखा और उसके खिलाड़ी कई बार सर्कल में पहुंचे, लेकिन 12वें मिनट तक कोई वास्तविक अवसर बनाने में असफल रहे। खेल के 12वें मिनट में जुगराज ने चीन के सर्कल के अंदर अकेले खड़े सुखजीत को गेंद दी जिसे इस स्ट्राइकर ने खूबसूरती से चीन के गोलकीपर हुआन्यु वू के ऊपर से गोल में डाल दिया।

चीन को 18वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर के रूप में पहला मौका मिला, लेकिन भारतीय रक्षापंक्ति ने इसे नाकाम कर दिया। इसके बाद भारत ने 20वें मिनट में लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए, लेकिन इनका फायदा उठाने में नाकाम रहा। भारतीय टीम ने लगातार हमले किए लेकिन चीन की रक्षापंक्ति ने अच्छा खेल दिखाकर उसे गोल नहीं करने दिया।

चीन की युवा और अनुभवहीन टीम ने पेनल्टी कॉर्नर से 26वें मिनट में बराबरी का गोल किया। तब पेंग यांग ने भारतीय गोलकीपर कृष्ण बहादुर पाठक के दाईं ओर ड्रैग-फ्लिक से गोल दागा। भारत ने जवाबी हमला किया और एक मिनट बाद ही फिर से बढ़त हासिल कर ली।

हरमनप्रीत ने भारतीय टीम को मिले तीसरे पेनल्टी कॉर्नर पर फ्लिक शॉट से गोल किया। चीन की टीम ने हाफटाइम से महज 30 सेकंड पहले लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए लेकिन भारत ने उन्हें इसका फायदा नहीं उठाने दिया। भारत ने दूसरे हाफ शानदार शुरुआत की।

हरमनप्रीत ने टीम के चौथे पेनल्टी कॉर्नर पर एक और शानदार फ्लिक शॉट से गोल करके भारत टीम को 3-1 की बढ़त दिला दी। भारत ने तीन मिनट बाद अपनी बढ़त को और मजबूत कर दिया जब सुखजीत ने आदित्य अर्जुन लालगे के पास को गोल में बदला। चीन के युवा खिलाड़ी हार मानने के मूड में नहीं थे और उन्होंने दो मिनट बाद ही चोंगकॉन्ग चेन के पेनल्टी कॉर्नर पर किए गए गोल से स्कोर 4-2 कर दिया।

भारत को जल्द ही अपना पांचवां पेनल्टी कॉर्नर मिल गया, लेकिन इस बार जुगराज सिंह के फ्लिक शॉट को चीन के गोलकीपर वू ने आसानी से रोक दिया। भारत ने चीन की रक्षापंक्ति पर दबाव बनाए रखा और चौथे और अंतिम क्वार्टर के दो मिनट बाद लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए। इस बार जुगराज ने कोई गलती नहीं की और दमदार ग्राउंडेड फ्लिक से गोल दाग दिया।

भारत को फाइनल हूटर बजने से दो मिनट पहले एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन इस बार हरमनप्रीत के प्रयास को चीन के गोलकीपर ने नाकाम कर दिया।

प्रमुख खबरें

DVAC Raids: पूर्व मंत्री KN Nehru के 25 ठिकानों पर तलाशी, नौकरी घोटाले में कार्रवाई

Noida International Airport पर आपात स्थिति से निपटने की जांच, हुआ Saksham 2026 अभ्यास

Delhi Weather: चार साल में अक्टूबर का सबसे ठंडा दिन, 25.4 डिग्री पर लुढ़का पारा

RBI Data: अगस्त में कंपनियों की विदेशी उधारी ECB आवेदन 8.13 अरब डॉलर पहुंचे