असम: आठ आदिवासी संगठनों के 1182 सदस्यों ने अपने हथियार सौंपे

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 07, 2023

केंद्र और असम सरकार के साथ शांति समझौते पर हस्ताक्षर करने वाले आठ आदिवासी विद्रोही संगठनों के कुल 1182 सदस्यों ने बृहस्पतिवार को औपचारिक रूप से मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा के समक्ष अपने हथियार सौंप दिये। तीन अलग हुए गुटों सहित संगठनों के प्रतिनिधियों ने यहां गृह विभाग द्वारा आयोजित एक समारोह में अपने हथियार जमा कराए। सदस्यों ने 304 हथियार और 1460 राउंड कारतूस सौंपे। इनमें सात एके-सीरीज राइफल, 20 राइफल .303, चार एसएलआर, चार कार्बाइन, एक इंसास राइफल, एक एलएमजी, 124 पिस्तौल, 30 सेमी ऑटोमेटिक राइफल, 20 ग्रेनेड, 10 इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी), दो किलोग्राम आरडीएक्स और 2.5 किलोग्राम टीएनटी शामिल हैं। गृह विभाग ने आत्मसमर्पण स्थल पर 200 हथियारों को प्रदर्शित भी किया।

आठ आदिवासी संगठनों ने 24 जनवरी 2012 को आत्मसमर्पण कर दिया था और बाद में चार अक्टूबर 2016 को सस्पेंशन ऑफ ऑपरेशंस (एसओओ) पर हस्ताक्षर किए थे। एसओओ पर हस्ताक्षर के बाद से संगठनों के सदस्यों और दोनों सरकारों के बीच कई दौर की बातचीत हुई। बाद में 15 सितंबर 2022 को त्रिपक्षीय आदिवासी शांति समझौते पर हस्ताक्षर किए गए। समझौते की शर्त-3 के अनुसार, असम सरकार ने 16 सदस्यीय आदिवासी कल्याण और विकास परिषद का गठन किया था जिसका अध्यक्ष आशिम हासदा, उपाध्यक्ष सुभाष तिर्की, मुख्य कार्यकारी सदस्य (सीईएम) दुर्गा हासदा और डिप्टी सीईएम पीटर डांग को बनाया गया था। मुख्यमंत्री की मौजूदगी में बृहस्पतिवार को परिषद के सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह भी आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा, समझौते में आदिवासियों की आकांक्षा को प्रतिबिंबित करने के लिए परिषद की स्थापना की परिकल्पना की गई थी और आज शपथ ग्रहण समारोह के साथ हमने अपना वादा पूरा किया है। शर्मा ने परिषद के संगठन के सदस्यों से आदिवासी समाज के उत्थान के लिए सरकार के साथ काम करने का आग्रह किया।

प्रमुख खबरें

Womens Asia Cup से पहले Pakistan को बड़ा झटका, Najiha Alvi चोटिल होकर बाहर, Sadaf Shamas की हुई एंट्री

England Cricket में बड़ा बवाल, Nightclub के बाहर हथकड़ी में दिखे Brydon Carse टेस्ट मैच से बाहर

हरियाणा में Godrej Group का मेगा प्लान, 20,000 करोड़ के Investment से खुलेंगे 40,000 Jobs के नए द्वार

Larsen & Toubro को Middle East में मिला ₹15,000 करोड़ का Mega Project, बढ़ेगी कंपनी की ताकत