By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 02, 2026
वेस्ट पाम बीच (अमेरिका), दो नवंबर (एपी) अमेरिका में फ्लोरिडा के एक रिहायशी इलाके में एक निजी विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे उसमें सवार सभी नौ लोगों की मौत हो गई है। अमेरिकी परिवहन मंत्री सीन डफी ने रविवार को यह जानकारी दी। विमान टेक्सास के ऑस्टिन से बहामास जा रहा था।
गनीमत रही कि यह दुर्घटनास्थल के पास मौजूद मकानों से नहीं टकराया और एक व्यस्त सड़क के पास जा गिरा जिससे सड़क पर एक विशाल गड्ढा बन गया। संघीय विमानन प्रशासन के अनुसार यह विमान टेक्सास के ऑस्टिन-बर्गस्ट्रॉम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से रवाना हुआ था और बहामास जा रहा था। अधिकारियों ने अब तक यह नहीं बताया है कि विमान दुर्घटनाग्रस्त कैसे हुआ या उसमें कौन-कौन सवार था।
ऑस्टिन-बर्गस्ट्रॉम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के प्रवक्ता जिम रेनॉल्ड्स ने कहा कि यह एक निजी विमान था। उन्होंने तत्काल उड़ान में सवार लोगों के बारे में जानकारी नहीं दी। उन्होंने कहा, ‘‘यह निश्चित रूप से एक बड़ी त्रासदी है।’’ उन्होंने बताया कि इस विमान का पंजीकरण नंबर एन722बीडी था।
कारों के अंदर बैठे लोगों द्वारा बनाए गए वीडियो में विमान के आसमान से तेजी से नीचे गिरने और सड़क के पास टकराने के बाद विस्फोट होने का भयावह दृश्य रिकॉर्ड हुआ। विमान जब नीचे गिरा तो उसमें विस्फोट हो गया। जहां विमान गिरा था, वहां बने गड्ढे के किनारों पर आग की लपटें उठ रही थीं।
लोग हैरान थे कि यह विमान घरों से कुछ ही फुट की दूरी पर गिरा था और सड़क से गुजर रही गाड़ियों से वह बस कुछ इंच ही दूर गिरा। दुर्घटनास्थल पर धुएं का काला घना गुबार छा गया। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि दुर्घटना से आसपास के मकानों को कोई नुकसान पहुंचा या नहीं।
पाम बीच काउंटी शेरिफ कार्यालय ने दोनों तरफ की सड़कें बंद कर दीं और वाहन चालकों से इस इलाके से दूर रहने को कहा। दमकलकर्मी और अन्य आपातकालीन कर्मी तुरंत मौके पर पहुंच गए। पास में काम करने वाली एक महिला ने बताया कि हादसे के बाद इलाके में करीब दो घंटे तक बिजली गुल रही।
दुर्घटना किन हालात में हुई, इसकी जांच जारी है।