By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 16, 2026
असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने सोमवार को कहा कि उनकी सरकार ने पिछले पांच वर्षों में 18 हजार हेक्टेयर से अधिक भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया है लेकिन राज्य में अब भी 3.16 लाख हेक्टेयर वन भूमि पर अवैध कब्जा है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में बताया कि इस संबंध में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें राज्य की अतिक्रमण वाली एक-एक इंच भूमि को मुक्त कराने के लिए ‘‘सख्त रणनीति’’ अपनाने का फैसला किया गया। शर्मा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘क्या आप जानते हैं कि असम में अब भी 3.16 लाख हेक्टेयर से अधिक वन भूमि पर अतिक्रमण है?
पिछले पांच वर्षों में हमने 18 हजार हेक्टेयर से अधिक भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया है, जो लगभग गुवाहाटी शहर के क्षेत्रफल के बराबर है। हालांकि, इस दिशा में अभी बहुत काम किया जाना बाकी है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘अतिक्रमण वाली एक-एक इंच भूमि को मुक्त कराने के लिए सख्त रणनीति अपनाने संबंधी प्रयासों की समीक्षा की।’’ शर्मा ने 2021 में पहली बार मुख्यमंत्री पद संभालने के बाद से राज्यभर में अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कई बेदखली अभियान चलाए हैं। मुख्यमंत्री के रूप में उनके दूसरे कार्यकाल में भी ऐसे अभियान जारी हैं।