By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 30, 2026
पड़ोसी देश भूटान में ‘ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड’ (गोल्फ) यानी हिमनद झील के अचानक फटने से आई बाढ़ के बाद असम सरकार स्थिति पर कड़ी नजर रख रही है और राज्य के धुबरी जिले में अलर्ट जारी किया गया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के मुताबिक, धुबरी जिले से होकर बहने वाली संकोश नदी के बाढ़ से प्रभावित होने की आशंका है।
असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के एक प्रवक्ता ने बताया कि शुक्रवार सुबह साढे छह बजे तक संकोश नदी का जलस्तर स्थिर था। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन और आपदा राहत एवं बचाव दल किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। जल शक्ति मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को असम और पश्चिम बंगाल के लिए विशेष परामर्श जारी किया जिसमें कहा गया कि भारतीय दूतावास ने भूटान में पुनात्सांगछू नदी बेसिन में स्थित शिंताफू झील में ‘ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड’ की सूचना दी है।
परामर्श के मुताबिक, नदी के ऊपरी क्षेत्रों में अचानक बाढ़ आने की खबरों के बाद असम के धुबरी और पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार जिले में संकोश नदी का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है। मंत्रालय ने दोनों जिलों के स्थानीय प्रशासन को सतर्क रहने, स्थिति पर लगातार नजर रखने और आवश्यक एहतियाती कदम उठाने की सलाह दी है।