Assam में डिगारू के पास पटरी से उतरी Sairang Express, बंगाल के 300 से अधिक यात्री थे सवार

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 11, 2026

असम के गुवाहाटी के पास बुधवार को पटरी से उतरी कोलकाता-सायरंग एक्सप्रेस में पश्चिम बंगाल के 300 से अधिक यात्री सवार थे और इस घटना के बाद रेलवे प्राधिकारियों ने यात्रियों की सहायता के लिए कई स्टेशन पर ‘हेल्प डेस्क’ स्थापित किए हैं। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। इससे पहले, असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कहा कि सुबह डिगारू में ट्रेन के पांच डिब्बे और उसका इंजन पटरी से उतरने की इस घटना में चार लोग मामूली रूप से घायल हो गए।

पूर्व रेलवे के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘हमारे आंकड़ों के अनुसार, पश्चिम बंगाल से 300 से अधिक यात्रियों ने इस ट्रेन में सफर किया था। इनमें कोलकाता, नैहाटी, कृष्णानगर और मालदा तथा कटिहार मंडलों के विभिन्न स्टेशनों से सवार हुए यात्री शामिल हैं, जो गुवाहाटी से आगे की यात्रा कर रहे थे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम उनकी मदद कर रहे हैं। यात्रियों और उनके परिजनों की सहायता के लिए विभिन्न स्टेशनों पर सहायता केंद्र स्थापित किए गए हैं।’’ अधिकारी ने बताया कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है और पूर्व रेलवे के अधिकारी तुरंत दुर्घटना स्थल पर पहुंच गए।

उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल के यात्रियों और उनके परिजनों को सहायता तथा जानकारी उपलब्ध कराने के लिए सियालदह, अलीपुरद्वार, नैहाटी और बहरमपुर कोर्ट स्टेशनों पर सहायता केंद्र बनाए गए हैं। पूर्वोत्तर सीमा रेलवे के एक प्रवक्ता ने बताया कि किसी अन्य ट्रेन को रास्ता देने के लिए सायरंग-कोलकाता एक्सप्रेस ट्रेन को डिगारू रेलवे स्टेशन पर रोका जा रहा था लेकिन लोको पायलट गति पर नियंत्रण नहीं रख सका जिसके कारण ट्रेन का इंजन और पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि इस हादसे में कई लोग घायल हुए हैं।

प्रवक्ता ने बताया कि यात्रियों को एक वैकल्पिक ट्रेन के जरिए उनके गंतव्य के लिए भेजा जा रहा है।

प्रमुख खबरें

भारतीय अर्थव्यवस्था पर Moodys का भरोसा, GDP अनुमान बढ़ाकर 7 प्रतिशत किया

IPL 2027 से पहले बड़ा ट्रेड, हार्दिक पंड्या पंजाब किंग्स में शामिल, अर्शदीप सिंह बने मुंबई इंडियंस का हिस्सा

Shimla की भीड़ से दूर Himachal Pradesh का Chail हिल स्टेशन है सुकून के लिए बेस्ट डेस्टिनेशन

सिक्के खरीदने के नाम पर Cyber Fraud करने वाले छह आरोपी Bihar से पकड़े गए