असम सरकार निजी नौकाओं को निशुल्क समुद्री इंजन देगी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 13, 2021

असम सरकार ने रविवार को कहा कि वह सैकड़ों निजी यात्री नौकाओं को निशुल्क समुद्री (मरीन) इंजन मुहैया कराएगी। सरकार ने एक बयान में कहा कि समूचे राज्य में नौका चलाने के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के तहत कई सुरक्षा उपाय जारी किए गए हैं, खासकर, जोरहाट में निमती घाट और माजुली के बीच के लिए, जहां पिछले हफ्ते नौका दुर्घटना हुई थी।

बयान के मुताबिक, राज्य सरकार एक विशेष योजना के तहत आवेदन करने वाले 850 निजी यात्री नौकाओं को निशुल्क समुद्री इंजन मुहैया कराएगी। इसमें बताया गया है कि डीआईडब्ल्यूटी एक सर्वेक्षक को नियुक्त करेगा जो नौका की फिटनेस का पता लगाएगा, जिसके बाद उसमें समुद्री इंजन लगाए जाएंगे।

बयान में कहा गया है कि उपायुक्त (डीसी), डीआईडब्ल्यूटीए और अन्य वरिष्ठ अधिकारी घाटों पर की गई व्यवस्थाओं का बार-बार निरीक्षण करेंगे, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि नौका सेवा सुचारू रूप से जारी रहे।

बयान के मुताबिक, निमती घाट और माजुली के लिए एसओपी के हिस्से के रूप में, एकल इंजन वाली निजी नौकाओं का परिचालन निलंबित रहेगा और सिर्फ समुद्री इंजन और रिवर्सिबल गियर से लैस नौकाओं के संचालन की अनुमति है।

बयान में बताया गया है कि माजुली और जोरहाट के बीच चलने वाली सभी 19 निजी यात्री नौकाओं को छह महीने के अंदर रिवर्सिबल गियर के साथ समुद्री इंजन से लैस किया जाएगा और इसका खर्चा सरकार उठाएगी।

सभी यात्रियों को जीवन रक्षक जैकेट पहननी होगी और सभी यात्रियों को टिकट जारी किए जाएंगे तथा उनके नाम व पता आदि एक रजिस्टर में दर्ज किए जाएंगे। बयान में कहा गया है कि माजुली और जोरहाट में एक-एक मजिस्ट्रेट को घाटों पर नौका के प्रस्थान और आगमन के दौरान मौजूद रहने के लिए नियुक्त किया जाएगा और मजिस्ट्रेट दैनिक आधार पर रिपोर्ट देंगे।

प्रमुख खबरें

Bihar में Deepak Prakash का मंत्री पद बचाने को BJP का मास्टरस्ट्रोक, MLC Devesh Kumar का इस्तीफा

Bihar में Sahayog Shivir के जरिए 5.33 लाख से अधिक जनशिकायतों का हुआ निपटारा

President Droupadi Murmu: भारत जमीनी स्तर के नवाचार में विश्व की सबसे बड़ी शक्ति बन सकता है

MEA Press Conference : Pakistan पर India का अब तक का सबसे बड़ा हमला, विदेश मंत्रालय ने दुनिया के सामने खोली आतंकिस्तान की पूरी पोल