By अंकित सिंह | Jun 18, 2024
असम सरकार में गृह और राजनीतिक विभाग के सचिव के रूप में कार्यरत भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के वरिष्ठ अधिकारी शिलादित्य चेतिया की मंगलवार को कथित तौर पर आत्महत्या से मृत्यु हो गई। राज्य की पुलिस के अनुसार, अस्पताल में अपनी पत्नी की मौत के बारे में सुनते ही उसने यह कदम उठाया। उनकी पत्नी कैंसर से पीड़ित थीं। असम के पुलिस महानिदेशक जीपी सिंह ने जनता को अधिकारी की मौत की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कैंसर के कारण पत्नी की मौत के कुछ मिनट बाद ही उन्होंने आत्महत्या कर ली।
2009 के भारतीय पुलिस सेवा अधिकारी, शिलादित्य चेतिया, संभवतः अपनी पत्नी के कैंसर से संबंधित व्यक्तिगत मुद्दों से निपटने के लिए, पिछले चार महीनों से छुट्टी पर थे। उन्हें अस्पताल ले जाया गया लेकिन वहां पहुंचने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। असम सरकार में सचिव बनने से पहले, चेतिया ने राज्य के तिनसुकिया और सोनितपुर जिलों के पुलिस अधीक्षक (एसपी) के रूप में कार्य किया था। पुलिस अभी भी उनकी मौत के पीछे की परिस्थितियों की जांच कर रही है।