By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 09, 2021
गुवाहाटी। सर्वसम्मति से भाजपा विधायक दल और फिर बाद में राजग विधायक दल का रविवार को नेता चुने जाने के बाद नॉर्थ ईस्ट डेमोक्रेटिक एलायंस (एनईडीए) के संयोजक हेमंत बिस्व सरमाके असम का अगला मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया है। केंद्रीय पर्यवेक्षक और केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने यह जानकारी दी। हाल में हुए चुनावों में सत्ताधारी राजग के प्रदेश में लगातार दूसरी बार स्पष्ट बहुमत हासिल करने के एक हफ्ते बाद तक शीर्ष पद पर कौन होगा इसे लेकर अटकलें चल रही थीं क्योंकि सरमा और निवर्तमान मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल दोनों ही दावेदार थे, हालांकि एनईडीए संयोजक के पार्टी विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद स्थिति साफ हो गई। सूत्रों ने कहा कि सरमा के रविवार शाम को राज्यपाल जगदीश मुखी से मिलकर अगली सरकार बनाने का दावा पेश करने की उम्मीद है।
बैठक से पहले सरमा ने सोनोवाल से भी मुलाकत की और दोनों विधायक दल की बैठक में एक साथ एक गाड़ी में पहुंचे। निवर्तमान मुख्यमंत्री ने सरमा को पारंपरिक ‘गामोसा’ भेंट किया और पत्रकारों को तस्वीर के लिये पोज देने से पहले उनकी पीठ थपथपाई। इससे पहले असम के नए मुख्यमंत्री को लेकर लगाई जा रही अटकलों के बीच, राज्य में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं सोनोवाल और हिमंत बिस्व सरमा ने पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से दिल्ली में शनिवार को मुलाकात की थी। सत्ताधारी भाजपा गठबंधन राज्य की पहली गैर कांग्रेसी सरकार होगी जिसने लगातार दूसरी बार चुनाव जीता है। भाजपा ने 126 सदस्यीय असम विधानसभा में 60 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि उसकी गठबंधन सहयोगी असम गण परिषद से नौ और यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल ने छह सीटें जीतीं।