By एकता | Mar 02, 2022
कोलकाता के चितपुर जिले से एक चौकाने वाला मामला सामने आया है। यहाँ की पुलिस ने एक पाखंडी ज्योतिष को एक महिला के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी का नाम सुभाष घोष बताया है। फ़िलहाल आरोपी को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है। अंग्रेज़ी अख़बार टाइम्स ऑफ़ इंडिया में छपी खबर के मुताबिक, चितपुर जिले की रहने वाली एक महिला और उसका परिवार लगभग डेढ़ महीने से मुश्किल दौर से गुजर रहा था। पीड़िता ने ने समाचार पत्र में एक विज्ञापन देखने के बाद आरोपी अभिजीत घोष उर्फ ज्योतिष सुभाष से उसके ताला स्थित कार्यालय में संपर्क किया।
चितपुर पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, "आरोपी ने पीड़िता से कहा कि उसका पति बीमार है और उसके अच्छे स्वास्थ्य के लिए कुछ करने की जरूरत है। महिला ने आरोपी पर विश्वास किया और आरोपी के निर्देशों का पालन किया। उसने दावा किया कि उसने यज्ञ के आयोजन के लिए दो बार लगभग 20,000 रुपये खर्च किए और कुछ पत्थर खरीदे जो कथित तौर पर बाद में नकली निकले।" अधिकारी ने आगे कहा कि आरोपी ने कोरोना महामारी से थोड़ा पहले अपना कारोबार शुरू किया था। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या आरोपियों ने पहले भी इस तरह के अपराध किए थे।