Katie Mack की शानदार पारी से Australia A ने India A को 30 रन से हराया, शृंखला में 2-0 की अजेय बढ़त

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 16, 2026

निकी प्रसाद का हरफनमौला खेल केटी मैक की नाबाद 83 रन की शानदार पारी के आगे फीका पड़ गया, जिससे ऑस्ट्रेलिया महिला ‘ए’ ने मंगलवार को भारत महिला ‘ए’ को 30 रन से हराकर तीन मैचों की अनौपचारिक टी20 शृंखला में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली। मैक की 83 रन की पारी के दम पर ऑस्ट्रेलिया ‘ए’ ने दो विकेट पर 178 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। जवाब में भारत ‘ए’ की टीम शीर्ष क्रम के लड़खड़ाने के बाद निकी प्रसाद के संघर्ष के बावजूद सात विकेट पर 148 रन ही बना सकी।

निकी ने गेंदबाजी में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 41 रन देकर दो विकेट लिए और फिर 31 गेंदों में छह चौकों और दो छक्कों की मदद से नाबाद 54 रन बनाए। वृंदा दिनेश (1), सुजाता डे (8) और सलामी बल्लेबाज शिप्रा गिरि (13) के आउट होने से पावरप्ले में भारत ने 29 रन तक ही तीन विकेट गंवा दिए। तेजल हसबनिस (6) और कप्तान अनुष्का शर्मा (11) भी कुछ खास नहीं कर सकीं।

इसके बाद निकी और मिन्नू ने छठे विकेट के लिए 53 रन की साझेदारी की, लेकिन यह साझेदारी ऑस्ट्रेलिया की मजबूत पकड़ को चुनौती देने के लिए पर्याप्त नहीं थी। इससे पहले मैक ने 60 गेंदों में 11 चौकों की मदद से नाबाद 83 रन बनाकर ऑस्ट्रेलिया की पारी को मजबूती दी। उन्होंने रेचल ट्रेनेमन के साथ पहले विकेट के लिए 75 रन जोड़े।

ट्रेनेमन ने 25 गेंदों में पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 37 रन बनाए। निकी प्रसाद ने नौवें ओवर में ट्रेनेमन को आउट कर ऑस्ट्रेलिया को पहला झटका दिया। इसके बाद मैक ने चार्ली नॉट (26) के साथ दूसरे विकेट के लिए 38 रन जोड़े।

ऑस्ट्रेलिया ‘ए’ ने शृंखला का पहला मुकाबला छह विकेट से जीता था। तीसरा और अंतिम अनौपचारिक टी20 मुकाबला बृहस्पतिवार को खेला जाएगा।

प्रमुख खबरें

Ahmedabad: Sabarmati Jail के भजिया हाउस को 2.5 करोड़ रुपये से बनाया जा रहा तीन मंजिला हेरिटेज कॉम्प्लेक्स

London में CM Joseph Vijay का कार्यक्रम Metropolitan Police ने सुरक्षा कारणों से किया रद्द

Gurugram में महिला बाइकर को कार से टक्कर मारने का HSWC ने लिया संज्ञान, पुलिस से मांगी सुरक्षा

AISA अध्यक्ष Neha Bora का आरोप: धर्म और राम मंदिर के नाम पर अयोध्या के निवासियों को हुआ भारी नुकसान