ऑस्ट्रेलिया ने भारत को दी शिकस्त, कोहली का शतक भी नही आया काम

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 09, 2019

रांची। विराट कोहली ने फिर से दिलकश बल्लेबाजी का नजारा पेश करके वनडे में 41वां शतक लगाया लेकिन पहले स्पिनरों की नाकामी और बाद में बाकी बल्लेबाजों की ढिलायी भारत को भारी पड़ी और उसे आस्ट्रेलिया के हाथों तीसरे एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में शुक्रवार को यहां 32 रन से हार का सामना करना पड़ा। कोहली ने लगातार दूसरे मैच में शतक जमाया। उन्होंने 95 गेंदों पर 123 रन की आकर्षक पारी खेली जिसमें 16 चौके और एक छक्का शामिल है। लेकिन उन्हें दूसरे छोर से किसी भी बल्लेबाज का सहयोग नहीं मिला और 314 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही भारतीय टीम 48.2 ओवर में 281 रन पर आउट हो गयी। कोहली ने अपनी पारी के दौरान कप्तान के रूप में वनडे में 4000 रन भी पूरे किये। आस्ट्रेलिया ने पांच विकेट पर 313 रन बनाये थे। उसकी तरफ से उस्मान ख्वाजा (113 गेंदों पर 104 रन) ने वनडे में अपना पहला शतक जमाया और आरोन फिंच (99 गेंदों पर 93 रन) के साथ पहले विकेट के लिये 193 रन जोड़े। ग्लेन मैक्सवेल ने भी 31 गेंदों पर 47 रन बनाकर उपयोगी योगदान दिया। मार्कस स्टोइनिस (नाबाद 31) और अलेक्स कैरी (नाबाद 21) ने छठे विकेट के लिये 50 रन की अटूट साझेदारी की। भारत पहले दो मैचों में जीत दर्ज करके श्रृंखला में अजेय बढ़त हासिल करने के लिये उतरा था लेकिन आस्ट्रेलिया ने पांच मैचों की श्रृंखला को जीवंत बनाये रखा। 

इसे भी पढ़ें: धोनी और रोहित ने 46वें ओवर में शंकर को गेंद देने से रोका था: कोहली

कोहली ने 85 गेंदों पर वनडे में 41वां शतक पूरा किया लेकिन भाग्य ने भी उनका साथ दिया। जब वह 98 रन पर थे तब मैक्सवेल की गेंद पर कैरी ने उनका कैच छोड़ा जबकि सैकड़ा पूरा करने के तुरंत बाद गलत टाइमिंग से लगाया गया उनका शाट छक्के के लिये चला गया। वह पूरे रंग में थे लेकिन जंपा पर लगातार तीसरा चौका लगाने के प्रयास में गुगली उनको गच्चा दे गयी जिससे भारतीय की जीत की उम्मीदें भी समाप्त हो गयी। विजय शंकर (32) और रविंद्र जडेजा (24) हार का कुछ अंतर ही कम कर पाये। यह ऐसा दिन था जिसमें भारतीय स्पिनर नहीं चल पाये। जडेजा (दस ओवर में 64 रन, कोई विकेट नहीं) और जाधव (दो ओवर में 32 रन, कोई विकेट नहीं) ने खूब रन लुटाये। कुलदीप यादव (दस ओवर में 64 रन देकर तीन विकेट) ने हालांकि पारी के दूसरे चरण में तीन विकेट लेकर अपने गेंदबाजी विश्लेषण में सुधार किया। आस्ट्रेलिया का स्कोर 40 ओवर के बाद दो विकेट पर 244 रन था लेकिन आखिरी दस ओवरों में वह केवल 69 रन ही बना पाया। इसका श्रेय जसप्रीत बुमराह (52 रन देकर एक विकेट) और मोहम्मद शमी (53 रन देकर कोई विकेट नहीं) को जाता है जिन्होंने मिलकर 64 गेंदें ऐसी डाली जिन पर रन नहीं बने। 

इसे भी पढ़ें: रोमांचक मुकाबले में भारत की 500वीं ODI जीत, गेंदबाजों ने उड़ाई ऑस्ट्रेलिया की गिल्ली

भारतीय क्षेत्ररक्षण भी अच्छा नहीं रहा। धवन ने जडेजा की गेंद पर स्क्वायर लेग पर ख्वाजा का कैच छोड़ा। तब वह 17 रन पर खेल रहे थे। कोहली, जाधव और बुमराह ने भी ढीला क्षेत्ररक्षण किया जिससे बल्लेबाजों पर से दबाव कम हुआ। शमी भी तीन ओवर करने के बाद चोटिल हो गये और उन्हें कुछ देर के लिये मैदान छोड़ा और इससे भी बल्लेबाजों पर से दबाव कम हुआ। फिंच और ख्वाजा ने इस बीच तीनों स्पिनरों को अच्छी तरह से खेला। फिंच ने जाधव को निशाना बनाया और अपने तीनों छक्के लांग आन और मिडविकेट क्षेत्र में लगाये। विजय शंकर (आठ ओवर में 44 रन देकर कोई विकेट नहीं) ने ऐसे में अच्छी जिम्मेदारी निभायी। जडेजा भी सपाट विकेट पर प्रभावी नहीं दिखे। ख्वाजा और फिंच के बाद मैक्सवेल ने भी स्पिनरों का सामना करने के लिये अपने फ्रंट फुट का अच्छा इस्तेमाल किया।कुलदीप ने फिंच को पगबाधा आउट करके भारत को पहली सफलता दिलायी। इसके बाद उन्होंने अपने एक ओवर में शान मार्श (सात) और पीटर हैंड्सकांब (शून्य) को भी पवेलियन भेजा।

प्रमुख खबरें

Missile Attack UAE | खाड़ी में फिर मंडराए युद्ध के बादल! यूएई पर मिसाइल और ड्रोन हमला, होर्मुज़ में अमेरिकी जहाजों पर गोलाबारी

महासागर के बीच मौत का जहाज़! जानलेवा Hantavirus की चपेट में आया लग्जरी क्रूज़, 2 भारतीय क्रू सदस्यों की स्थिति पर सस्पेंस

Cuba-US Relations | ईरान के बाद क्यूबा पर मिसाइल दागेने वाला है अमेरिका? ट्रंप की तीखी बयानबाज़ी से मचा दुनिया में हड़कंप

ट्रंप को बड़ा कानूनी झटका! अमेरिका की कोर्ट ने 10% ग्लोबल टैरिफ को किया रद्द, बताया गैर-कानूनी