ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री ने अपने वीचैट अकाउंट पर नियंत्रण खोया, चीन कर रहा राजनीतिक हस्तक्षेप

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 24, 2022

कैनबरा। ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन ने चीनी सोशल मीडिया ऐप वीचैट पर अपने अकाउंट का नियंत्रण खो दिया है। देश के शीर्ष सांसदों ने सोमवार को चीनी नेताओं पर सोशल मीडिया पर राजनीतिक हस्तक्षेप करने का आरोप लगाया। सिडनी के ‘द डेली टेलीग्राफ’ के मुताबिक, जनवरी की शुरुआत में मॉरिसन के 76 हजार से अधिक वीचैट फॉलोअर को उनके अकाउंट का नाम बदलकर ‘ऑस्ट्रेलियन चायनीज न्यू लाइफ’ किए जाने की जानकारी दी गई थी। यही नहीं, अकाउंट से मॉरिसन की तस्वीर भी हटा दी गई थी।

इसे भी पढ़ें: शीत युद्ध की तुलना में दुनिया इस समय अधिक अप्रत्याशित है: संयुक्त राष्ट्र प्रमुख

अखबार ने दावा किया कि ये बदलाव ऑस्ट्रेलियाई सरकार के संज्ञान में लाए बगैर ही किए गए थे। हालांकि, मॉरिसन के कार्यालय ने रिपोर्ट पर प्रतिक्रिया करने से इनकार कर दिया। ऑस्ट्रेलिया में खुफिया एवं सुरक्षा मामलों की संयुक्त संसदीय समिति के अध्यक्ष जेम्स पैटर्सन ने कहा कि वीचैट ने मॉरिसन के अकाउंट को बहाल किए जाने के सरकार के आग्रह पर अभी तक कोई जवाब नहीं दिया है। पैटर्सन ने आरोप लगाया कि चीन की कम्युनिस्ट पार्टी ऑस्ट्रेलिया में मई में प्रस्तावित चुनावों के मद्देनजर मॉरिसन को सेंसर कर रही है। उन्होंने कहा कि यह कदम ऑस्ट्रेलियाई लोकतंत्र में राजनीतिक दखल देने की कोशिश करने सरीखा है। मॉरिसन की लिबरल पार्टी के सदस्य पैटर्सन ने सभी सांसदों से चीनी कंपनी ‘टेनसेंट’ की ओर से संचालित इस ऐप का बहिष्कार करने की अपील भी की।

इसे भी पढ़ें: शीर्ष अदालत के फैसले के बाद संसदीय समिति ने ट्रंप संबंधी दस्तावेज प्राप्त किए

उन्होंने कहा कि यह गंभीर चिंता का विषय है कि वीचैट पर सक्रिय 12 लाख चीनी-ऑस्ट्रेलियाई नागरिकों की मॉरिसन सरकार से आने वाली खबरों तक पहुंच बाधित हो गई है, लेकिन वे विपक्षी नेता एंथोनी अल्बानीज द्वारा की जाने वाली सरकार की आलोचनाओं को आराम से देख-पढ़ सकते हैं। लिबरल पार्टी के एक अन्य सांसद एवं पूर्व राजनयिक डेव शर्मा ने आरोप लगाया कि इस दखलअंदाजी को संभवत: चीन सरकरा ने मंजूरी दी है। चीन सितंबर 2021 में ऑस्ट्रेलिया, ब्रिटेन और अमेरिका के बीच घोषित एक नए गठबंधन का आलोचक रहा है। इस गठबंधन के तहत ऑस्ट्रेलिया को परमाणु पनडुब्बी मुहैया कराई जानी है।

प्रमुख खबरें

West Bengal Elections 2026 | भवानीपुर में ममता की बड़ी जीत का खाका तैयार, अभिषेक बनर्जी ने कार्यकर्ताओं को दिया 60,000+ का लक्ष्य

Assam Ambulance Accident | असम में भीषण सड़क हादसा! एम्बुलेंस और ट्रक की टक्कर में 6 की मौत, 2 गंभीर रूप से घायल

दिल्ली वालों को लगेगा बिजली का झटका: अप्रैल से बढ़ सकती हैं दरें, सरकार सब्सिडी देने की तैयारी में जुटी

Iran-Israel Conflict: परमाणु प्लांट के पास मिसाइल अटैक से दुनिया की सांसें थमीं, 180 जख्मी