By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 21, 2026
मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में एक ऑटो रिक्शा चालक को जमीन का पट्टा लेकर शुरू की गई उथली खदान में करीब 15 दिन तक खुदाई करने के बाद शुक्रवार को हीरा मिला, जिसकी अनुमानित कीमत 15 लाख रुपये है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि ऑटो रिक्शा चालक सोनू रैकवार ने रानीपुर क्षेत्र में उथली हीरे की खदान शुरू की थी।
इसी खदान में उसे 3.17 कैरेट का बेशकीमती हीरा मिला। पन्ना के हीरा अधिकारी शैलेंद्र मिश्रा ने बताया कि रैकवार ने हीरा कार्यालय में हीरा जमा करा दिया है, जिसे आगामी नीलामी में बिक्री के लिए रखा जाएगा। रैकवार परिवार का भरण-पोषण करने के लिए पन्ना में ऑटो चलाता है।
परिजनों की सलाह पर उसने हीरा कार्यालय से जमीन का पट्टा लिया और रानीपुर क्षेत्र में पहली बार उथली खदान शुरू की। रैकवार ने कहा, ‘‘करीब 15 दिन तक खुदाई करने के बाद मुझे 3.17 कैरेट का हीरा मिला। नीलामी से मिलने वाली रकम से मैं दोबारा खनन शुरू करूंगा और इससे बड़े हीरे की तलाश जारी रखूंगा।’’ विशेषज्ञ अनुपम सिंह ने बताया कि रैकवार को मिला हीरा रत्न गुणवत्ता का है और बाजार में इसकी अच्छी मांग है।