By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 21, 2026
भारतीय सलामी बल्लेबाज केएल राहुल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट क्रिकेट मैच के तीसरे दिन शनिवार को यहां अपना 13वां टेस्ट शतक लगाकर सभी सेना (एसईएनए) देशों में सैकड़ा ठोकने की विशिष्ट उपलब्धि हासिल की। राहुल ने तेज गेंदबाज जैकब डफी की गेंद पर एक रन लेकर यह उपलब्धि हासिल की। यह इस साल उनका दूसरा शतक है।
इससे पहले उन्होंने मुल्लांपुर में अफगानिस्तान के खिलाफ शतक बनाया था। इससे राहुल ने सभी सेना देशों (दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) में शतक बनाने की विशिष्ट उपलब्धि भी हासिल की। यह मुकाम हासिल करने वाले वह भारत के पहले सलामी बल्लेबाज भी हैं।
इस 34 वर्षीय बल्लेबाज ने न्यूजीलैंड की धरती पर अपने पहले टेस्ट मैच में ही यह उपलब्धि हासिल की। यह सेना देशों में टेस्ट क्रिकेट में उनका कुल मिलाकर सातवां शतक था। वह मोहम्मद अजहरुद्दीन, सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़ और विराट कोहली के बाद सभी सेना देशों में शतक बनाने वाले पांचवें भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं।
इन भारतीय बल्लेबाजों के अलावा श्रीलंका के पूर्व कप्तान कुमार संगकारा तथा पाकिस्तान के पूर्व बल्लेबाज सईद अनवर और यूनिस खान ने भी इन चारों देशों में शतक बनाए हैं।