Ayodhya में 220 टन बालू से बना 58 फुट लंबा Ram Darbar, दर्ज हुआ वर्ल्ड रिकॉर्ड

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 12, 2026

अयोध्या में दीपोत्सव-2026 के दौरान सरयू नदी के 220 टन बालू से निर्मित 58 फुट लंबा और 20 फुट ऊंचा भव्य राम दरबार विश्व रिकॉर्ड में दर्ज किया गया है। इसके साथ ही राम मंदिर की विशाल प्रतिकृति भी बनाई गई है। राज्य सरकार की ओर से बुधवार को जारी एक बयान के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बालू कलाकार मधुरेंद्र कुमार ने अपनी टीम के साथ सरयू तट स्थित रामकथा पार्क में सात दिन के निरंतर प्रयास के बाद इस कलाकृति को तैयार किया।

इसका निर्माण 30 अक्टूबर को शुरू हुआ था और सात नवंबर को पूरा हुआ। बयान के अनुसार राज्य के पर्यटन विभाग के आमंत्रण पर बनाई गई इस कलाकृति को बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने मान्यता दी है। अधिकारियों के मुताबिक इसे रिकॉर्ड संख्या आईएनडी/2026/001810 के तहत दर्ज कर डिजिटल प्रमाणपत्र भी जारी किया गया है और गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में इसकी मान्यता की प्रक्रिया अभी जारी है।

बयान के अनुसार, दीपोत्सव के उद्घाटन समारोह के दौरान उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस कलाकृति का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने कलाकार को विश्व रिकॉर्ड बनाने पर बधाई देते हुए कहा कि अयोध्या इस ऐतिहासिक कलाकृति को कभी नहीं भूलेगी। मधुरेंद्र कुमार ने कहा कि यह अपनी तरह की उनकी पहली कलाकृति है और उनके दावे के मुताबिक, दुनिया की सबसे लंबी बालू से निर्मित राम दरबार की प्रतिमा है।

उन्होंने कहा कि इस कलाकृति के माध्यम से विश्व शांति, मानवता और भाईचारे का संदेश दिया गया है। बिहार के पूर्वी चंपारण के रहने वाले मधुरेंद्र 25 से अधिक देशों में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और उनके नाम 12 से अधिक विश्व रिकॉर्ड दर्ज हैं। वह बालू सहित विभिन्न पुनर्चक्रित सामग्रियों से कलाकृतियां बनाने के लिए जाने जाते हैं।

प्रमुख खबरें

Narendra Modi बोले, NBS दरों की मंजूरी से किसानों को किफायती दामों पर मिलेंगे P and K उर्वरक

AIMIM और आजाद समाज पार्टी साथ लड़ेगी UP Election 2027, लखनऊ में साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस

Indian Visa प्रक्रिया हुई आसान, गृह मंत्रालय ने मुख्य श्रेणियां घटाकर 9 कीं

TMC के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री Ujjwal Biswas का कोलकाता में 72 वर्ष की उम्र में निधन