By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 22, 2026
फैजाबाद बार एसोसिएशन ने शनिवार को चेतावनी दी कि अगर राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी के मामले में राम मंदिर ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय, पूर्व ट्रस्टी अनिल मिश्रा और राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ (आरएसएस) पदाधिकारी गोपाल राव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई तो आंदोलन किया जाएगा। यह फैसला बार एसोसिएशन की आम सभा की बैठक में लिया गया। बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष कालिका प्रसाद मिश्रा ने की।
उन्होंने आरोप लगाया कि एसोसिएशन की शिकायत पर अब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है, जिसमें चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव को मुख्य आरोपी बनाया गया है। उन्होंने कहा, ‘‘जब तक इन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।’’ फैजाबाद बार एसोसिएशन ने 29 जून को हुई आम सभा की बैठक में फैसला किया था कि राम मंदिर से जुड़े मामले में आरोपियों की ओर से कोई भी अधिवक्ता मुकदमा नहीं लड़ेगा। बार ने यह भी तय किया था कि अगर कोई सदस्य आरोपियों की पैरवी करने का प्रयास करता है तो उस पर पांच लाख रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा।
बार एसोसिएशन के सचिव शैलेंद्र जायसवाल ने कहा कि मंदिर के चढ़ावे की चोरी से सभी की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने बताया कि फैजाबाद के अधिवक्ताओं ने गिरफ्तार आरोपियों की ओर से पैरवी नहीं करने पर सहमति जताई है।