बाबूलाल मरांडी के राजनीतिक सलाहकार दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 13, 2021

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी के राजनीतिक सलाहकार को रांची पुलिस ने नाबालिग घरेलू सहायिका से दुष्कर्म के आरोप में रविवार को उत्तर प्रदेश के इटावा से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक दल के नेता मरांडी के राजनीतिक सलाहकार सुनील तिवारी को रांची पुलिस ने इटावा से गिरफ्तार किया।

गिरफ्तारी के बाद तिवारी ने सीने में दर्द की शिकायत की जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक रांची के अरगोड़ा थाने में 16 अगस्त को तिवारी के घर में घरेलू सहायिका रह चुकी नाबालिग आदिवासी लड़की ने दुष्कर्म, छेड़छाड़ और अनुसूचित जाति-अनुसूचित जनजाति कानून के तहत मामला दर्ज कराया था।

तिवारी की गिरफ्तारी के लिए रांची पुलिस की टीम लगातार छापेमारी कर रही थी। निचली अदालत से अग्रिम जमानत की अर्जी खारिज होने के बाद से वह फरार चल रहे थे।

तिवारी ने इस मामले में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी जिसे निचली अदालत ने खारिज कर दिया था। बाद में उन्होंने उच्च न्यायालय का भी दरवाजा खटखटाया लेकिन वहां कोई फैसला होने से पहले ही पुलिस ने रविवार को उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

प्रमुख खबरें

Mehbooba Mufti को मत मांगने के लिए बच्ची का इस्तेमाल करने पर कारण बताओ नोटिस जारी

BSF के जवान ने अज्ञात कारणों के चलते BSF चौकी परिसर में फाँसी लगाकर की आत्महत्या

SP ने आतंकवादियों के खिलाफ मुकदमे वापस लेने की कोशिश की, राम का अपमान किया: Adityanath

तापीय बिजली संयंत्रों के पास मानक के मुकाबले 68 प्रतिशत कोयले का भंडार: सरकारी आंकड़ा