बग्गा की गिरफ्तारी गैरकानूनी, केजरीवाल कर रहे प्रतिशोध की राजनीति: भाजपा

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 06, 2022

नयी दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को पंजाब पुलिस पर अपने नेता तेजिंदर पाल बग्गा को ‘‘अगवा’’ करने का आरोप लगाया और कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल राज्य की पुलिस के जरिए प्रतिशोध की राजनीति कर रहे हैं। राजधानी स्थित पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों को संबोधित करते हुए दिल्ली प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष आदेश गुप्ता और अन्य नेताओं ने इस मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को आड़े हाथ लिया और कहा कि बग्गा ने उनके झूठ को ‘‘बेनकाब’’ किया है, इसलिए उन्हें निशाना बनाया जा रहा है।

इसे भी पढ़ें: AAP का दावा, बग्गा को पंजाब में सांप्रदायिक तनाव और हिंसा भड़काने के आरोप में किया गया गिरफ्तार

दिल्ली प्रदेश भाजपा की एक अन्य नेता नुपूर शर्मा ने अदालत के एक फैसले का हवाला देते हुए कहा कि एक राज्य की पुलिस दूसरे राज्य में अगर किसी को गिरफ्तार करती है तो उसे स्थानीय पुलिस को इस बारे में सूचना देनी होती है। उन्होंने कहा कि बग्गा के मामले में पंजाब पुलिस की कार्रवाई गैरकानूनी थी क्योंकि उसने दिल्ली पुलिस को इस संबंध में कोई सूचना नहीं दी। पंजाब पुलिस ने इससे पहले एक बयान जारी कर कहा कि उसने भाजपा की दिल्ली इकाई के प्रवक्ता तेजिंदर पाल सिंह बग्गा को पिछले महीने मोहाली में उनके खिलाफ दर्ज एक मामले के सिलसिले में राष्ट्रीय राजधानी स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया है। पंजाब पुलिस के अनुसार, बग्गा को पंजाब ले जाया जा रहा है, जहां उन्हें एक अदालत में पेश किया जाएगा। इस बीच, दिल्ली पुलिस ने बग्गा के पिता की शिकायत पर जनकपुरी थाने में अपहरण का मामला दर्ज किया है। बग्गा के पिता ने शिकायत की है कि शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे कुछ लोग उनके घर आए और उनके बेटे को ले गए।

गौरतलब है कि पंजाब पुलिस ने पिछले महीने भड़काऊ बयान देने, शत्रुता को बढ़ावा देने और आपराधिक धमकी देने के आरोप में बग्गा के खिलाफ मामला दर्ज किया था। पुलिस ने मोहाली में रहने वाले सन्नी अहलूवालिया नामक एक व्यक्ति की शिकायत के आधार पर यह मामला दर्ज किया था। पंजाब पुलिस ने बताया कि एक अप्रैल को दर्ज की गई प्राथमिकी के मुताबिक, 30 मार्च को बग्गा ने दिल्ली में मुख्यमंत्री आवास के बाहर भाजपा युवा मोर्चा के विरोध-प्रदर्शन में हिस्सा लिया था और कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इस बीच, दिल्ली पुलिस की एक टीम ने ‘बेहद नाटकीय घटनाक्रम’ में कुरुक्षेत्र में बग्गा को पंजाब पुलिस से अपने संरक्षण में ले लिया। पंजाब पुलिस की टीम को कुरुक्षेत्र के पीपली में रोका गया था। हरियाणा पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि उन्हें बताया गया कि बग्गा को उनके आवास से ‘‘जबरन’’ उठाया गया था। कुरुक्षेत्र के एक पुलिस अधिकारी ने फोन पर बताया कि दिल्ली पुलिस की एक टीम कुरुक्षेत्र पहुंची और बग्गा को अपने साथ लेकर राष्ट्रीय राजधानी के लिए रवाना हो गई।

प्रमुख खबरें

Hindustan Zinc में Stake Sale की तैयारी, ₹80,000 करोड़ का Disinvestment Target पूरा करेगी सरकार

Womens Asia Cup से पहले Pakistan को बड़ा झटका, Najiha Alvi चोटिल होकर बाहर, Sadaf Shamas की हुई एंट्री

England Cricket में बड़ा बवाल, Nightclub के बाहर हथकड़ी में दिखे Brydon Carse टेस्ट मैच से बाहर

हरियाणा में Godrej Group का मेगा प्लान, 20,000 करोड़ के Investment से खुलेंगे 40,000 Jobs के नए द्वार