Sheikh Hasina की वापसी की चर्चाओं के बीच Bangladesh में हिंसा, एक की मौत और कई गाड़ियां फूंकीं

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 10, 2026

अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की अगले माह संभावित स्वदेश वापसी को लेकर तनाव बढ़ने के बीच बांग्लादेश में हिंसा की अलग-अलग घटनाओं में एक व्यक्ति की मौत हो गई और कम से कम आठ वाहनों को आग लगा दी गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अज्ञात लोगों ने कई बसों सहित वाहनों में आग लगा दी और कई स्थानों पर देसी बम धमाके किए।

पुलिस ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम फरीदपुर में खड़ी एक बस में आग लगाए जाने के बाद अंदर सो रहे बस चालक की धुएं के कारण दम घुटने से मौत हो गई। पुलिस ने इन घटनाओं के लिए अवामी लीग और उससे जुड़े संगठनों के कार्यकर्ताओं को जिम्मेदार ठहराया है। देश में अवामी लीग की गतिविधियों पर प्रतिबंध है।

ये घटनाएं तब सामने आईं, जब बांग्लादेश सरकार ने कहा कि वह इस खबर की जांच कर रही है कि हसीना ने नए पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र के लिए आवेदन दिया है। विदेश मामलों के राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने सोमवार को हसीना (79) को पासपोर्ट जारी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश ‘आतंकवादियों’ को पासपोर्ट नहीं देता है।

उन्होंने कहा कि बांग्लादेश चाहता है कि प्रत्यर्पण संधि के तहत उन्हें भारत से वापस लाया जाए। बांग्लादेश पुलिस ने मंगलवार को बताया कि अवामी लीग और उससे जुड़े संगठनों के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने मंगलवार सुबह शरीयतपुर जिले में पद्मा पुल के दक्षिणी टोल प्लाजा पर प्रदर्शन किया। पुलिस के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने देसी बम धमाके किये और कई वाहनों में तोड़फोड़ की, जिससे पुल पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार तड़के उत्तरी नेत्रकोना जिले के मोहनगंज रेलवे स्टेशन पर इंटरसिटी हाओर एक्सप्रेस के एक डिब्बे में आग लगा दी गई, जिससे चार सीट क्षतिग्रस्त हो गईं, लेकिन रेलवे कर्मचारियों और दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। ट्रेन सेवाएं बाधित नहीं हुईं। अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार सुबह दक्षिण-पश्चिमी तुंगीपाड़ा (जो हसीना का गृह नगर है) में पुलिस और प्रतिबंधित बांग्लादेश छात्र लीग तथा अवामी लीग से जुड़े अन्य संगठनों के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प के दौरान पुलिस की एक गाड़ी में आग लगा दी गई।

हसीना (79) 5 अगस्त 2024 को बांग्लादेश छोड़कर जाने के बाद से भारत में रह रही हैं। छात्रों के नेतृत्व में हुए एक विद्रोह ने उनकी सरकार को उखाड़ फेंका था और उनकी पार्टी के 15 साल के शासन का अंत कर दिया था। नवंबर 2025 में, बांग्लादेश के अंतरराष्ट्रीय अपराध अधिकरण ने जुलाई-अगस्त 2024 के विद्रोह के दौरान प्रदर्शनकारियों पर की गई कार्रवाई के लिए हसीना को मानवता के खिलाफ अपराधों का दोषी ठहराया।

अधिकरण ने उनकी अनुपस्थिति में उन्हें एक आरोप में मौत की सजा और दूसरे आरोप में आजीवन कारावास की सजा सुनाई। हसीना ने इन आरोपों और पूरी कानूनी प्रक्रिया को खारिज कर दिया है। इस साल फरवरी में बांग्लादेश में सरकार बदलने और तारिक रहमान के नेतृत्व वाली बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के सत्ता में आने के बावजूद, बांग्लादेश भारत से हसीना के प्रत्यर्पण की मांग लगातार कर रहा है।

प्रमुख खबरें

गृह मामलों की संसदीय समिति ने 17 नवंबर की बैठक से हटाया Air Pollution का मुद्दा

IPL में 2028 से जुड़ेंगी 2 नई टीमें, BCCI पुणे और वडोदरा पर कर रहा विचार

केनरा बैंक की फर्जी वेबसाइट से 27 लाख ठगने वाले Jamtara के दो साइबर अपराधी दिल्ली में गिरफ्तार

Matthew VanDyke का दावा: भारत में मेरी गिरफ्तारी का Russia Ukraine War से था संबंध