By दिव्यांशी भदौरिया | Sep 02, 2026
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का बेहद नजदीक आ चुकी है। कान्हा के जन्मोत्सव के लिए लोग बड़े बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। वहीं, मथुरा-वृंदावन में ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में भगवान श्री कृष्ण के जन्म के बाद होने वाली मंगला आरती को लेकर तैयारियां शुरु हो गई हैं। इस बार 4 और 5 सितंबर की मध्यरात्रि रात 1:45 बजे मंगला आरती होगी।
सुबह करीब 5:30 बजे मंदिर के पट बंद किए जाएंगे
जब मंगला आरती संपन्न हो जाएगी तो आम श्रद्धालुओं के लिए मंदिर में दर्शन खोल दिए जाएंगे। ठाकुर बांके बिहारी जी पूरी रात भक्तों को दर्शन देंगे। सुबह करीब 5.30 बजे मंदिर के पट बंद किए जाएंगे। फिर नियमित समय-सारिणी के अनुसार मंदिर में दर्शन होंगे। जन्माष्टमी के मौके पर वृंदावन में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिलती है।
बैठक में सेवायतों ने पिछली मंगला आरती के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का मुद्दा भी उठाया है। सेवायतों ने बताया कि पिछली बार मंदिर के अंदर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी नजर आएं थे। इस कारण आरती के समय पुलिसकर्मियों की मौजूदगी भी चर्चा का विषय बन गया था।
व्यवस्था में बदलाव होगा
मंदिर के हाई पावर कमेटी के अध्यक्ष अशोक कुमार ने कहा कि इस बार व्यवस्था में कुछ बदलाव किया जाएगा। मंदिर के अंदर पुलिसकर्मियों और सुरक्षा में तैनात सिक्योरिटी गार्ड की संख्या सीमित रखी जाएगी। जरुरत के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए मंदिर परिसर में विशेष निगरानी रखी जाएगी। बैठक में मुख्यमंत्री के आगमन पर मंदिर की व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की गई। इस दौरान कमेटी के सदस्य सेवानिवृत जिला जज मुकेश मिश्रा, सेवायत हिमांशु गोस्वामी, रजत गोस्वामी, शैलेंद्र गोस्वामी, शैंकी गोस्वामी और मंदिर प्रबंधक मुनीश शर्मा आदि मौजूद रहे।
सेवायत और यजमान भी पास से कर सकेंगे प्रवेश
जन्माष्टमी के मौके पर मंगला आरती की व्यवस्था को लेकर हुई हाईपावर्ड कमेटी की बैठक में प्रवेश व्यवस्था पर विशेष चर्चा हुई। तय किया गया कि मंगला आरती में शामिल होने वालों को कमेटी की तरफ से पास जारी किए जाएंगे। इसमें मंदिर के सेवायतों के साथ उनके यजमान भी शामिल रहेंगे। बिना पास के किसी भी मंगला आरती के दौरान मंदिर में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। वहीं, मंगला आरती की कवरेज के लिए मंदिर पहुंचने वाले मीडिया कर्मियों के लिए भी पास की व्यवस्था लागू रहेगी।