Prabhasakshi Newsroom। सोने के शौकीन थे बप्पी लहिरी, गुरुवार को मुंबई में होगा अंतिम संस्कार

By अनुराग गुप्ता | Feb 16, 2022

बॉलिवुड के मशहूर सिंगर और म्यूजिक कंपोजर बप्पी लहिरी का निधन हो गया है। उन्होंने 69 वर्ष की उम्र में मुंबई के एक अस्पताल में आखिरी सांस ली। बताया जा रहा है कि बप्पी लहिरी की तबीयत खराब होने के बाद उन्हें मंगलवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। म्यूजिक इंडस्ट्री में बप्पी लहरी को डिस्को किंग के नाम से जाना जाता था। उनका असली नाम अलोकेश लहिरी था। 

अस्पताल के निदेशक डॉ. दीपक नामजोशी ने बताया कि बप्पी लहिरी को एक महीने के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था और सोमवार को उन्हें छुट्टी दे दी गई थी। लेकिन मंगलवार को उनकी तबीयत खराब हो गई और उनके परिवार ने एक डॉक्टर को घर बुलाया था और फिर उन्हें मंगलवार को अस्पताल ले जाया गया।

डिस्को किंग का कॅरियर

बप्पी लहिरी का जन्म 27 नवंबर, 1952 को कोलकत्ता में हुआ था। उन्होंने 19 साल की उम्र में संगीत निर्देशक के रूप में अपना कॅरियर शुरू किया था। 80 और 90 के दशक में डिस्को संगीत को देश में लोकप्रिय बनाने में उनकी अहम भूमिका थी और अपने अलग अंदाज के लिए जाने जाते थे। बप्पी लहिरी का इंडस्ट्री में 48 साल का कॅरियर था। उन्होंने अपने कॅरियर में तकरीबन 5,000 गाने कंपोज किए। इसमें उन्होंने हिंदी, बंगाली, तमिल, तेलुगु, मलयालम, कन्नड़, गुजराती, मराठी, पंजाबी, उड़िया, भोजपुरी, आसमी भाषाओं के साथ-साथ बांग्लादेश की फिल्मों और अंग्रेजी गानों को भी कंपोज किया था।

उन्होंने 80 और 90 के दशक में कई फिल्मों में ब्लॉकबस्टर गाने दिए और अपनी अलग पहचान बनाई थी। उन्हें गोल्ड काफी ज्यादा पसंद था और वो हर वक्त सोने की मोटी-मोटी चेन पहने रहते थे। पिछले साल बप्पी लहिरी कोरोना की चपेट में आ गए थे।

आपको बता दें कि बप्पी लहिरी ने पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के टिकट पर चुनाव लड़ा था, लेकिन वह जीत नहीं पाए थे। उस वक्त उन्होंने अपने चुनावी हलफनामे में बताया था कि उनके पास 754 ग्राम सोना और 4.62 किलो चांदी थी और उनकी पत्नी चित्रानी के पास उनसे ज्यादा सोना था। ऐसे में अंदाजा लगाया जा सकता है कि वो सोने यानी की गोल्ड के कितने ज्यादा शौकीन थे। 

इसे भी पढ़ें: डिस्को किंग बप्पी लाहिड़ी का 69 साल की उम्र में निधन

बप्पी लहिरी ने एक बार बताया था कि वह अमेरिकन स्टार एल्विस प्रेस्ली के बड़े फैन थे और एल्विस प्रेस्ली को हर परफॉरमेंस के दौरान सोने की चेन पहने देखा था। उस वक्त बप्पी लहिरी ने ठान लिया था कि जब वो कामयाब हो जाएंगे तो वह सोना पहनेंगे और सभी ने उन्हें सोने की मोटी-मोटी चेन पहने हुए देखा भी।

PM मोदी समेत कई लोगों ने जताया दुख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई लोगों ने बप्पी लहिरी के निधन पर दुख जताया। प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया कि बप्पी लाहिरी जी के संगीत ने विविध भावनाओं को खूबसूरती से व्यक्त किया। कई पीढ़ियों के लोग उनके संगीत से जुड़ाव महसूस कर सकते हैं। हर कोई उनकी जिंदादिली को याद करेगा। मैं उनके निधन से दुखी हूं। मैं उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। ओम शांति।

प्रमुख खबरें

Amravati Hospital Fire: एनआईसीयू में आग से 3 नवजातों की मौत, परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

मत हो उदास, त्यौहारों में बरकरार रखेगी मिठास, ISMA का बड़ा बयान- देश में चीनी की कोई कमी नहीं, जल्‍द कीमतें कम होंगी

Amravati NICU Fire: नर्सों ने बचाई 36 नवजातों की जान, हादसे में 3 की मौत

Maharashtra Marathi Controversy: ऑटो-टैक्सी ड्राइवरों के साथ नहीं होगा अन्याय, CM Fadnavis ने दिया बड़ा भरोसा