By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 22, 2026
बाराबंकी जिले में मोहम्मदपुर खाला थानाक्षेत्र के बखरिया टोले में दूध लेने जा रही 12 वर्षीय एक बालिका को आवारा कुत्तों ने हमला कर बुरी तरह घायल कर दिया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि बालिका की चीख-पुकार सुनकर दौड़े लोगों ने लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से प्रहारकर कुत्तों को खदेड़ा, तब तक ज्योति खून से लथपथ हो चुकी थी। पुलिस का कहना है कि परिजन उसे तत्काल फतेहपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए लखनऊ के मेडिकल कॉलेज ले जाने की सलाह दी।
उपजिलाधिकारी कार्तिकेय सिंह ने इस घटना के बाद दोनों नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को आवारा कुत्तों को पकड़ने के निर्देश दिए हैं ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।