By अंकित सिंह | Oct 20, 2022
बीसीसीआई सचिव जय शाह के एक बयान को लेकर बवाल मचा हुआ है। जय शाह ने कहा था कि भारतीय टीम एशिया कप 2023 के लिए पाकिस्तान का दौरा नहीं करेगी। इसके साथ ही एशिया कप को न्यूट्रल वेन्यू पर खेले जाने की उन्होंने बात कही थी। अब इसी पर पूरा बवाल मचा हुआ है। पाकिस्तान की ओर से लगातार धमकी दी जा रही है। पूरे बवाल के बीच अब बीसीसीआई के नवनिर्वाचित अध्यक्ष रोजर बिन्नी का भी बयान आ गया है। उन्होंने टीम इंडिया के पाकिस्तान दौरे को लेकर साफ तौर पर कहा है कि यह हमारे हाथ में नहीं है। हम यह नहीं कह सकते कि हमारी टीम को कहां जाना है।
आपको बता दें कि 2008 के बाद पाकिस्तान का टीम इंडिया ने दौरा नहीं किया है। वहीं पाकिस्तान की टीम आखिरी बार 2012 में भारत आई थी। जय शाह के इसी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने कहा था कि इस तरह के बयान एशियाई और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट समुदायों को विभाजित कर सकते हैं और 2023 विश्व कप के लिए पाकिस्तान की भारत यात्रा को भी प्रभावित कर सकते हैं। बयान के अनुसार, ‘‘पीसीबी को अब तक एसीसी अध्यक्ष के बयान पर एसीसी की ओर से कोई आधिकारिक संवाद या स्पष्टीकरण नहीं मिला है। पीसीबी ने अब एशियाई क्रिकेट परिषद से आग्रह किया है कि वह महत्वपूर्ण और संवेदनशील मुद्दे पर चर्चा के लिए व्यावहारिक रूप से जितना जल्दी संभाव हो अपने बोर्ड की आपात बैठक बुलाए।’’