2014 से पहले सत्ता को जेब में डालकर चलते थे राजनेता, खट्टर बोले- जनता दुखी थी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 10, 2019

जींद। हरियाणा के मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने बृहस्पतिवार को कहा कि पिछली सरकारों के नेता सत्ता को जेब में डाल कर चलते थे जबकि हमने उसे जनता को सौंपी। खट्टर ने सफीदों विधानसभा में भाजपा प्रत्याशी बचन सिंह आर्य की चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि इस बार जनता ने पहले ही साफ कर दिया है कि आगामी सरकार भाजपा की होगी। उन्होंने कहा कि 2014 में हरियाणा प्रदेश में पहली बार बहुमत से भाजपा की सरकार बनी थी। तब हरियाणा की जनता भ्रष्टाचार और भय की भावना से त्रस्त थी। पिछली सरकारों के नेता सत्ता को जेब में डाल कर चलते थे जिससे आमजन को बहुत पीड़ा होती थी। 

इसे भी पढ़ें: हम कहते हैं भारत माता की जय, कांग्रेस कहती है सोनिया माता की जय: खट्टर

मुख्यमंत्री ने कहा कि मैंने खुद 1980 से 2014 तक इन सब व्यवस्थाओं को प्रत्यक्ष देखा था। तभी मैंने सोच लिया था कि प्रदेश में जो राजनीति चल रही है उसके मायने बदलने हैं और सबको लाभ पहुंचाना है। इस भय और भ्रष्टाचार के साम्राज्य को समाप्त करना है। उन्होंने कहा कि पहले परिवारवाद की राजनीति होती थी जबकि भाजपा ने हरियाणा की ढ़ाई करोड़ जनता को अपना परिवार समझा है।पहले लोग छोटी-छोटी बातों को लेकर चंडीगढ़ दौड़ते थे, लेकिन उन्होंने इसे बंद करवाया और सीएम विंडो बनाया। यहां समस्या को लोड कर दो, तय समय में समस्या का हल हो जाता है। उसका असरहुआ कि साढ़े पांच लाख से अधिक समस्याओं का निदान किया गया। 

इसे भी पढ़ें: टिकट न पाने वाले भाजपा नेताओं के हितों को ध्यान में रखा जाएगा: खट्टर

उन्होंने कहा कि पहले नौकरियां, बदलियां और सीएलयू के लिए भ्रष्टाचार का आलम था। पहले नौकरियां तीन जे को देखकर देते थे, जिला, जाति या फिर झौला। सत्ता संभालते ही भाजपा ने तीनों जे को जोड़ कर जोहड़ में डाल दिया। पढ़े लिखे नौजवानों को मैरिट के आधार पर नौकरियां दी जा रही हैं। शिक्षा क्षेत्र में सरकार ने बहुत काम किए हैं वहीं कौशल विकास को लेकर भी नीति बनाई गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की एकता एवं अखंडता भाजपा के लिए सबसे पहले है। दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी भाजपा बन गई है। कांग्रेस में तो राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने को कोई तैयार नहीं है। तीन माह तक ढूंढते रहे लेकिन कोई नहीं मिला। आखिर में सोनिया गांधी को कार्यकारी अध्यक्ष बना दिया। हरियाणा में 21 अक्टूबर को विधानसभा चुनाव है।

प्रमुख खबरें

सेना के शौर्य का अपमान करना विपक्ष की आदत: Anurag Thakur

Loksabha Elections के तीसरे चरण में 7 मई को 12 राज्यों की 94 सीटों पर होगी वोटिंग, कई दिग्गजों के भाग्य का होगा फैसला

कुणाल शर्मा हत्याकांड को लेकर जेवर विधायक का सख्त कदम, लापरवाही बरतने वालों अधिकारियों व दोषियों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई

Odisha: PM Modi के वार पर नवीन पटनायक का पलटवार, बोले- दिन में सपने देख रही भाजपा