Bengal : चक्रवाती तूफान रेमल हुआ कमजोर, कई जिलों में बारिश की संभावना

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 27, 2024

चक्रवाती तूफान रेमल सोमवार को सुबह तक कमजोर पड़ गया और हवा की रफ्तार 80 से 90 किलोमीटर (किमी) प्रति घंटा हो गयी। रेमल रविवार मध्यरात्रि के आस-पास पश्चिम बंगाल तट पर पहुंचा था। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी।

विभाग ने एक बुलेटिन में बताया कि तूफान के उत्तरपूर्व की ओर बढ़ने और कमजोर होने की संभावना है। विभाग ने बताया कि कोलकाता में रविवार को सुबह साढ़े आठ बजे से सोमवार को सुबह साढ़े पांच बजे के बीच 146 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गयी।

मौसम विभाग के मुताबिक, महानगर में अधिकतम हवा की गति 74 किलोमीटर प्रति घंटे दर्ज की गई, जबकि शहर के उत्तरी बाहरी इलाके दमदम में हवा की अधिकतम गति 91 किमी प्रति घंटे दर्ज की गई।

मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण बंगाल के अन्य स्थान जहां इस अवधि के दौरान भारी वर्षा हुई, उनमें हल्दिया (110 मिमी), तमलुक (70 मिमी) और निमपिथ (70 मिमी) शामिल है। मौसम वैज्ञानिकों ने कोलकाता, नादिया और मुर्शिदाबाद सहित दक्षिणी जिलों में मंगलवार को सुबह तक तेज हवाओं के साथ-साथ एक या दो बार तेज बारिश होने की संभावना जताई है।

बांग्लादेश और पश्चिम बंगाल के तटों पर चक्रवाती तूफान रेमल के पहुंचने के एक दिन बाद बंगाल के तटीय इलाकों में सोमवार को भारी तबाही का मंजर दिखा। तूफान के कारण बीती रात 135 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चली थीं।

रेमल ने पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों में बुनियादी सरंचनाओं और संपत्तियों को भारी नुकसान पहुंचाया है। इस चक्रवाती तूफान ने बंगाल के सागर द्वीप और बांग्लादेश के खेपुपारा के बीच के तटीय इलाकों पर भारी तबाही मचाई।

रेमल के पहुंचने की प्रक्रिया की शुरुआत रविवार रात साढ़े आठ बजे से शुरू हुई थी। हालात को सामान्य बनाने के प्रयास जारी हैं। आपातकालीन सेवाएं प्रभावित क्षेत्रों में मलबा हटाने और बिजली बहाल करने के काम में जुटी हैं।

प्रमुख खबरें

Hindustan Zinc में Stake Sale की तैयारी, ₹80,000 करोड़ का Disinvestment Target पूरा करेगी सरकार

Womens Asia Cup से पहले Pakistan को बड़ा झटका, Najiha Alvi चोटिल होकर बाहर, Sadaf Shamas की हुई एंट्री

England Cricket में बड़ा बवाल, Nightclub के बाहर हथकड़ी में दिखे Brydon Carse टेस्ट मैच से बाहर

हरियाणा में Godrej Group का मेगा प्लान, 20,000 करोड़ के Investment से खुलेंगे 40,000 Jobs के नए द्वार