By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 21, 2026
पश्चिम बंगाल सरकार ने उत्तर कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में 17 अक्टूबर को हुई भगदड़ की जांच के लिए बुधवार को छह सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया। इस घटना में 19 लोगों की मौत हो गई थी और 25 अन्य घायल हुए थे। मुख्य सचिव मनोज कुमार अग्रवाल द्वारा जारी आदेश के मुताबिक, सेवानिवृत्त न्यायाधीश न्यायमूर्ति अनिंदिता रॉय सरस्वती की अध्यक्षता वाली एसआईटी को तीन महीने के भीतर राज्य सरकार को अपनी जांच रिपोर्ट और सिफारिशें सौंपने को कहा गया है।
आदेश में कहा गया है, ‘‘दल भगदड़ से पहले की घटनाओं के क्रम की जांच करेगा। इसमें भीड़ के अचानक बढ़ने की शुरुआत के कारणों, घटनास्थल पर मौजूद लोगों की संख्या और इस बात की जांच शामिल है कि क्या भीड़ निर्धारित सुरक्षित क्षमता से अधिक थी।’’ आदेश के अनुसार, एसआईटी अत्यधिक भीड़, प्रतिकूल मौसम, प्रवेश द्वारों के प्रबंधन, अफवाहों, बिजली की खराबी और प्रवेश एवं निकास की अपर्याप्त व्यवस्था की संभावित भूमिका की भी जांच करेगी। एसआईटी घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल फोन से की गई वीडियो रिकॉर्डिंग, फॉरेंसिक जांच के निष्कर्षों, कॉल रिकॉर्ड, पुलिस थानों और नियंत्रण कक्ष के लॉग, चिकित्सा रिकॉर्ड तथा अन्य साक्ष्यों की पड़ताल करेगी।
एसआईटी आयोजकों, पुलिस, निजी सुरक्षा कर्मियों, स्वयंसेवकों, एंबुलेंस सेवाओं, अस्पतालों, अग्निशमन सेवाओं और नागरिक प्रशासन की तैयारियों तथा उनकी प्रतिक्रिया की भी जांच करेगी। यह दल यह भी आकलन करेगा कि आवश्यक अनुमतियां ली गई थीं या नहीं और क्या भीड़ प्रबंधन तथा निकासी की योजनाएं लागू नियमों एवं दिशानिर्देशों के अनुरूप तैयार कर लागू की गई थीं। एसआईटी बड़े दुर्गा पूजा आयोजनों में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के उपायों की भी सिफारिश करेगी।