Kolkata के Rabindra Sarobar में 6 साल बाद Chhath Puja की तैयारी, सरकार देगी सशर्त छूट

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 04, 2026

कोलकाता, चार नवंबर पश्चिम बंगाल की शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने बुधवार को कहा कि राज्य सरकार इस साल रवींद्र सरोवर में छठ पूजा की अनुमति देने को तैयार है, बशर्ते प्रदूषण रोकने के लिए पर्याप्त एहतियाती उपाय किए जाएं। यदि ऐसा होता है, तो दक्षिण कोलकाता की इस झील में छह साल बाद छठ पूजा की अनुमति मिलेगी। यहां 2020 से ही कोलकाता महानगर विकास प्राधिकरण (केएमडीए) ने प्रतिबंध सख्ती से लागू कर रखा है।

यह झील सुबह की सैर करने वालों, नौकायन करने वालों और प्रकृति प्रेमियों के बीच काफी लोकप्रिय है। पूजा सामग्री चढ़ाने, विसर्जन और बड़ी संख्या में लोगों के जुटने से होने वाले प्रदूषण को रोकने के लिए ये प्रतिबंध लगाए गए थे। पॉल ने सवाल उठाया कि अगर झील में प्रवेश पर रोक जारी रहती है, तो आसपास के इलाकों में रहने वाले श्रद्धालु पूजा करने कहां जाएंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘रवींद्र सरोवर में छठ पूजा की अनुमति क्यों नहीं दी जा सकती? स्थानीय लोग कहां जाएंगे?’’ उन्होंने कहा कि प्रदूषण से जुड़े एहतियाती उपायों के साथ अनुमति देने की योजना है। राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के आदेश से निपटने की सरकार की योजना के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि इस मामले का सौहार्दपूर्ण समाधान निकाला जा सकता है।

सूर्य देव को समर्पित छठ पूजा 15 और 16 नवंबर को मनाई जाएगी। इस दौरान श्रद्धालु पहले दिन शाम को डूबते सूर्य और अगले दिन सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देंगे।

प्रमुख खबरें

Cabinet ने सांख्यिकी व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए VISTAR योजना को दी मंजूरी

Chef Kapil Sikaddar की अनोखी Recipe: दिवाली पर बनाएं Sesame Nut Royal Bars और मलाई स्टफ्ड क्रिस्पी रागी रोल

NDMC कनॉट प्लेस के ऐतिहासिक Super Bazar को PPP मॉडल से आधुनिक कॉम्प्लेक्स में बदलेगी

स्कूलों में बढ़ रहे हैं बुलिंग के मामले, माता-पिता इन 6 संकेतों से पहचानें बच्चे की परेशानी