By रेनू तिवारी | Oct 31, 2026
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के एक प्रतिष्ठित 5-स्टार लग्जरी होटल से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। बेंगलुरु के मध्य व्यावसायिक क्षेत्र में स्थित 'कॉनराड होटल' (Conrad Hotel) के स्विमिंग पूल में संदिग्ध रूप से करंट उतरने के कारण दो विदेशी नागरिकों की दर्दनाक मौत हो गई। यह भीषण हादसा शुक्रवार शाम को घटा। पुलिस ने शनिवार को मामले की जानकारी देते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शनिवार को बताया कि बेंगलुरु के एक 5-स्टार होटल में स्विमिंग पूल के अंदर करंट लगने से दो विदेशी नागरिकों की मौत हो गई। यह घटना शुक्रवार शाम कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु स्थित 'कॉनराड होटल' में हुई।
पुलिस के अनुसार, थीस और होर्वात होटल की तीसरी मंजिल पर बने स्विमिंग पूल में थे। यह होटल बेंगलुरु के मध्य इलाके 'उल्सूर' (जिसे आधिकारिक तौर पर 'हलासुरू' कहा जाता है) में स्थित है। माना जा रहा है कि करंट लगने से उनकी मौत हुई है। घटना के बाद, शनिवार सुबह होटल की वेबसाइट पर जानकारी दी गई कि स्विमिंग पूल को 30 नवंबर तक "मेंटेनेंस के लिए बंद" कर दिया गया है।
2 अन्य लोग घायल, पुलिस ने मामला दर्ज किया
पुलिस ने बताया कि मृतकों को बचाने की कोशिश में दो अन्य लोग भी घायल हो गए। घायलों में 41 वर्षीय अमेरिकी नागरिक मैथ्यू डेसेंटिस और 28 वर्षीय राहुल तिवारी (होटल स्टाफ के सदस्य) शामिल हैं।
उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है और वे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और विस्तृत जांच के बाद ही पूरी जानकारी सामने आएगी।
बेंगलुरु पुलिस कमिश्नर सीमांत कुमार सिंह ने पत्रकारों को बताया, "यह मामला करंट लगने का लग रहा है। हालांकि, हमारे पास मेडिकल रिपोर्ट, तकनीकी रिपोर्ट और विशेषज्ञों की रिपोर्ट मौजूद हैं। अभी यह पक्के तौर पर नहीं कहा जा सकता कि असल में क्या हुआ था... हमारी पुलिस जांच कर रही है। हमने उस जगह को घेर लिया है। हम पता लगा रहे हैं कि यह घटना कैसे हुई। जल्द ही सच्चाई सामने आ जाएगी।"
कॉनराड बेंगलुरु ने अभी तक कोई बयान जारी नहीं किया है
इस बीच, होटल प्रबंधन की ओर से इस घटना पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। कॉनराड होटल बेंगलुरु के उलसूर में केंसिंग्टन रोड पर स्थित है। इस होटल में तीन बॉलरूम, आठ मीटिंग रूम और एक एग्जीक्यूटिव बोर्डरूम हैं।
होटल ने अपनी वेबसाइट पर बताया है, "हमारा लग्जरी होटल सेंट्रल बिजनेस डिस्ट्रिक्ट में 24 मंजिल ऊंचा है, जहां से उलसूर झील का शानदार नजारा दिखता है।"
इसमें आगे कहा गया है, "यहां पांच रेस्तरां हैं, जहां आप अंतरराष्ट्रीय व्यंजनों का आनंद ले सकते हैं। आप कॉनराड स्पा जा सकते हैं या हमारे तापमान-नियंत्रित पूल में आराम कर सकते हैं। बिजनेस के लिए यात्रा करने वाले लोग हमारे 24,000 वर्ग फुट के इवेंट स्पेस में आसानी से मीटिंग कर सकते हैं, जिसमें तीन बॉलरूम, आठ मीटिंग रूम और एक एग्जीक्यूटिव बोर्डरूम शामिल हैं।"
Read Latest National News in Hindi only on Prabhasakshi