प्रणीत ने रैप्टर्स को दिलाई सीजन की पहली जीत, पुणे ने चखा हार का स्वाद

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 01, 2019

पुणे। अनुभवी भारतीय बी. साई प्रणीत ने रविवार को छत्रपति शिवाजी स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स स्टेडियम में निर्णायक मुकाबले में भारत के उभरते हुए हुए स्टार लक्ष्य सेन को हराते हुए बेंगलुरू रैप्टर्स को वोडाफोन प्रीमियर बैडमिंटन लीग (पीबीएल) के चौथे सीजन के मुकाबले में मेजबान पुणे 7 एसेज पर रोमांचक जीत दिलाई। रैप्टर्स ने यह मैच 4-3 से जीता। यह इस सीजन में उसकी पहली जीत है। अपने पहले मुकाबले में अपने घर में अहमदाबाद स्मैश मास्टर्स के हाथों 3-4 से हार मिली थी। पुणे को चार मैचो में तीसरी हार मिली है। उसने शनिवार को ही घर में मुम्बई रॉकेट्स को हराते हुए इस सीजन में अपना जीत का खाता खोला था।

इसे भी पढ़ें : PBL सीजन-4 शानदार आगाज, चार भाषाओं में होगा सीजन-4 का प्रसारण 

दिन का पहला मुकाबला पुरुष युगल था, जिसमें रैप्टर्स के मोहम्मद अहसान और हेंद्रा सेथियावान ने पुणे के ब्लादिमीर इवानोव और चिराग शेट्टी को 15-12, 15-11 से हराते हुए अपनी टीम का खाता खोला था। इसके बाद पुणे 7 एसेस की कप्तान मौजूदा ओलम्पिक चैम्पियन मारिन ने उम्मीद के मुताबिक खेल दिखाते हुए अपनी टीम के ट्रम्प मैच में बेंगलुरू रैप्टर्स की थी थ्रांग वू को 15-8, 15-5 से हराकर अपनी टीम को पूरे दो अंक दिलाए। पुणे की टीम 2-1 से आगे हो चुकी थी। 

अगला मुकाबला पुरुष एकल के रूप में पुणे के स्टार भारतीय खिलाड़ी जयराम और रैप्टर्स के कप्तान श्रीकांत के बीच हुआ। यह श्रीकांत का ट्रम्प मैच था। जयराम ने पहला गेम 15-10 से अपने नाम किया लेकिन श्रीकांत ने वापसी करते हुए दूसरा गेम 15-12 से जीतकर मुकाबले को रोचक बना दिया। तीसरे और निर्णायक गेम में श्रीकांत ने अपना वर्चस्व कायम करते हुए 15-14 से जीत हासिल की और अपनी टीम को बहुमूल्य दो अंक दिलाए। उनकी जीत ने रैप्टर्स को 3-2 से आगे कर दिया।

इसे भी पढ़ें : विश्व टूर फाइनल्स के लिये बेहतर फार्म में रहूंगी

दिन का चौथा मुकाबला मिश्रित युगल था, जिसमें इवानोव और लिने काएर्सफेल्ड ने पुणे की चुनौती रखी और उनके सामने थे मार्कस इलिस और लॉरेन स्मिथ। इवानोव और काएर्सफेल्ड ने यह मैच 15-13, 15-9 से जीतते हुए मुकाबले को रोचक बना दिया। अब स्कोर 3-3 हो चुका था और हार-जीत का फैसला अंतिम मुकाबले पर चला गया।

अंतिम मुकाबले में पुणे के लिए युवा भारतीय स्टार लक्ष्य सेन ने अपना दावा पेश किया और रैप्टर्स के दिग्गज भारतीय खिलाड़ी बी. साई प्रणीत का सामना किया लेकिन प्रणीत ने एक लिहाज से आसानी से लक्ष्य को हराते हुए अपनी टीम को एक अंक दिलाया और इसके साथ रैप्टर्स ने इस सीजन की अपनी पहली जीत दर्ज की। प्रणीत ने यह मैच 15-9, 15-13 से जीता।

प्रमुख खबरें

IIT Bombay पहुंचे Ramdas Athawale, प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला पर कार्रवाई की उठाई मांग

Juhu में एक लड़की को देखकर क्यों बेचैन हो गई थीं Tillotama Shome? पोस्ट में बताया पूरा अनुभव

Vitamin C से भरपूर Orange Peel Scrub से दूर होगी Dry Skin, चेहरा बनेगा सॉफ्ट और ग्लोइंग

Asian Games 2026 | Satwiksairaj Rankireddy और Chirag Shetty की चौंकाने वाली हार से बिगड़ा भारत का गणित, हाथ से निकले कई गोल्ड मेडल