By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 11, 2026
उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में 14 वर्षीय दलित लड़की को डरा-धमकाकर एक साल तक उससे बार-बार दुष्कर्म करने के आरोपी 45 वर्षीय व्यक्ति को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया। अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने बताया कि सुरियावां थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली लड़की की तबीयत खराब होने पर उसकी मां मंगलवार को उसे अस्पताल ले गई थी। वहां चिकित्सकीय जांच में नाबालिग के चार महीने की गर्भवती होने का पता चला।
उन्होंने बताया कि मां के पूछने पर लड़की ने उसे आपबीती सुनाई, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। अग्रवाल के मुताबिक, लड़की की मां की तहरीर पर कसियापुर गांव निवासी शिवमूरत बिंद (45) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम तथा यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि लड़की का आरोप है कि बिंद उसे बहला-फुसलाकर बुलाता था और उसके साथ दुष्कर्म करता था।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने धमकी दी थी कि यदि उसने इस बारे में किसी को बताया तो वह उसकी और उसके परिवार के सदस्यों की हत्या कर देगा। अग्रवाल ने बताया कि मामले की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी बिंद को गिरफ्तार कर लिया है।