कट्टर ईमानदार हैं भगवंत मान, केजरीवाल बोले- हम दिल्ली की तरह पंजाब में भी शिक्षा को करेंगे बेहतर

By अनुराग गुप्ता | Jan 28, 2022

जालंधर। पंजाब में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आदमपुर में कई अहम वादे किए। उन्होंने कहा कि अगर पंजाब में हमारी सरकार बनती है तो हम पुलिसकर्मियों के ड्यूटी का समय तय करेंगे। क्योंकि कई दफा उन्हें कई दिनों तक लगातार काम करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि पंजाब का चुनाव कोई मामूली चुनाव नहीं है, यह बहुत महत्वपूर्ण चुनाव है। अभी तक यहां पर दो ही पार्टियां थी, एक कांग्रेस और अकाली-भाजपा का गठबंधन। दोनों में अच्छी सेटिंग थी, दोनों का एक परिवार था, पंजाब को लूटने के लिए दोनों को पांच-पांच साल का मौका मिलता था। 

उन्होंने कहा कि 1966 में पंजाब अलग सूबा बना था। तब से लेकर आजतक 26 साल कांग्रेस का राज रहा और 19 साल बादल परिवार का राज रहा। इन दोनों ने मिलकर पंजाब को लूटा है और यहां के लोगों के पास कोई विकल्प नहीं था लेकिन इस बार यहां पर आम आदमी पार्टी आई है और कट्टर ईमानदार पार्टी है। उन्होंने कहा कि हमने कट्टर ईमानदार व्यक्ति भगवंत मान को मुख्यमंत्री का उम्मीदवार चुना। उन्होंने कहा कि भगवंत मान 7 साल से सांसद है। लेकिन इनके पास एक भी मकान नहीं है वो किराए के मकान में रहते हैं।

केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी को वोट दें। उन्होंने कहा कि पहली बार ईमानदार पार्टी आई है और आप उन्हें मौका देना। साल 2015 में दिल्ली के लोगों ने हमको एक मौका दिया था और वहां के लोग हमारे कामों से इतने खुश हैं कि तीन बार सरकार चुन ली और वो भी 70 में से 62 सीट दी है। दो बार कांग्रेस को जीरो सीट मिली है। उन्होंने कहा कि वोट देने से पहले हमको परख लेना कि केजरीवाल सही कह रहा है या नहीं ?

मैं बाबा साहेब का भक्त हूं

उन्होंने कहा कि दिल्ली में हमने बहुत काम किए हैं। मैं बाबा साहेब अंबेडकर का भक्त हूं और उनकी पूजा करता हूं। बाबा साहेब ने बहुत संघर्ष किया और संघर्ष कर-करके छोटे से गांव का लड़का अमेरिका और इंग्लैंड से पीएचडी करके आता है। क्या कमाल का आदमी था। उन्होंने अपनी पूरी जिंदगी में सबसे ज्यादा तवज्जो शिक्षा को दी। वो चाहते थे कि हर बच्चे को अच्छी शिक्षा मिले लेकिन आज 70 साल बाद भी उनका सपना पूरा नहीं हो रहा। दिल्ली में हम लोगों ने बाबा साहेब का सपना पूरा करना शुरू किया है। हमने दिल्ली के सारे स्कूल शानदार बना दिए और स्कूल के एक ही बेंच में जज का बच्चा, अफसर का बच्चा और गरीब का बच्चा बैठकर एक साथ पढ़ रहे हैं। 

इसे भी पढ़ें: पद एक और उम्मीदवार दो, सिद्धू-चन्नी ने ठोकी दावेदारी तो पंजाब में CM चेहरे को लेकर राहुल गांधी ने कही ये बड़ी बात 

उन्होंने कहा कि पूरे देश में उनके सपने को पूरा करना है और पंजाब में भी हो सकता है। आप लोगों के वोट से यह मुमकिन है। इसके साथ ही उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की भी बात कही। केजरीवाल ने कहा कि पंजाब के सरकारी अस्पताल हम अच्छे करेंगे और हर पिंड में क्लीनिक खोलेंगे।

प्रमुख खबरें

Greater Noida में वित्तीय गड़बड़ी पर PNB का भरोसा, ग्राहकों के सभी वैध दावों का होगा निपटारा

Aaditya Thackeray ने Pradeep Purnekar मर्डर केस में सरकार पर साजिशकर्ताओं को बचाने का आरोप लगाया

Canada बनेगा EU का सहयोगी सदस्य, Carney और Ursula ने आर्थिक दबाव के खिलाफ गठबंधन पर दिया जोर

नागपुर MLC Election में पराजय पर Chandrashekhar Bawankule बोले- महायुति सहयोगियों की भूमिका की होगी समीक्षा