By अभिनय आकाश | Jan 09, 2023
राहुल गांधी के नेतृत्व वाली भारत जोड़ो यात्रा आज भाजपा शासित हरियाणा में है। इस यात्रा में कांग्रेस नेता के साथ आज सभी महिलाएं कदमताल करेंगी। कांग्रेस पार्टी अपने महिला सशक्तिकरण एजेंडे की हिमायत कर रही है। कांग्रेस सांसद जोथिमनी ने ट्विटर पर इसकी जानकारी दी, जिसके बाद उनकी पार्टी के सहयोगी और कांग्रेस के संचार प्रभारी जयराम रमेश ने भी साझा किया।
जोथिमनी ने लिखा कि भारत जोड़ो यात्रा में महिलाओं की पदयात्रा है। सबसे रोमांचक दिनों में से एक है। राहुल गांधी महिला सशक्तिकरण के लिए बहुत भावुक और प्रतिबद्ध हैं। ऐसा ही एक मौका 19 नवंबर को पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती पर देखने को मिला, जब उस दिन भारत जोड़ो यात्रा के दौरान केवल महिलाएं राहुल गांधी के साथ चलीं। फिर से दिसंबर में महिला सशक्तिकरण दिवस के अवसर पर मार्च के दौरान केवल महिलाओं के साथ गांधी परिवार के लोग शामिल हुए थे।
राहुल गांधी बन सकते हैं पीएम: शत्रुघ्न सिन्हा
पिछले साल सितंबर में शुरू हुए भारत जोड़ो यात्रा को विभिन्न हलकों से समर्थन मिला है, जिसमें कई हस्तियां और विपक्षी नेता पदयात्रा में शामिल हुए हैं। तृणमूल कांग्रेस के सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने यात्रा और कांग्रेस नेता राहुल गांधी की जमकर तारीफ की है। शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि यह राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी की एक क्रांतिकारी यात्रा है... भारत जोड़ो यात्रा का चुनाव में निश्चित रूप से प्रभाव पड़ेगा। आसनसोल से लोकसभा सांसद ने कहा कि गांधी परिवार परिपक्व हो गए हैं और महीनों चलने वाले पैदल मार्च का नेतृत्व करते हुए एक गंभीर नेता के रूप में अपनी पहचान दर्ज कराई है।