Bhupen Hazarika पर 22 भाषाओं की पुस्तक योजना अटकी, अनुवादक प्रतियों के इंतजार में

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 10, 2026

(त्रिदीप लहकर) गुवाहाटी, 10 नवंबर ‘बार्ड ऑफ ब्रह्मपुत्र’ कहे जाने वाले दिग्गज संगीतकार एवं गायक भूपेन हजारिका के जीवन और विरासत को 22 भाषाओं के माध्यम से देशभर के पाठकों तक पहुंचाने की असम सरकार की पहल प्रकाशन और वितरण संबंधी बाधाओं से जूझ रही है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा इस पुस्तक का विमोचन किए एक साल से अधिक समय बीत जाने के बाद भी कई अनुवादक अपनी कृतियों की प्रतियों का इंतजार कर रहे हैं। असम प्रकाशन बोर्ड (पीबीए) के माध्यम से राज्य सरकार द्वारा तैयार की गई पुस्तक ‘भारत रत्न भूपेन हजारिका’ को महान गायक के जीवन का प्रामाणिक दस्तावेज और उनकी जन्मशताब्दी पर श्रद्धांजलि के रूप में प्रस्तुत किया गया था। मूल रूप से असमिया में लिखी गई इस पुस्तक का 21 अन्य भाषाओं में अनुवाद किया गया था।

सितंबर 2025 में प्रधानमंत्री मोदी ने इसका विमोचन किया था। एक साल से अधिक समय तक इंतजार करने के बाद कई अनुवादकों ने ‘‘उम्मीद खो दी है।’’ वहीं, असम प्रकाशन बोर्ड का कहना है कि वह वर्ष 2027 में सभी अनूदित भाषाओं में पर्याप्त संख्या में पुस्तकें छपवाकर संबंधित राज्यों के पुस्तकालयों में वितरित करेगा। इस पुस्तक का अंग्रेजी, हिंदी, संस्कृत, बोडो, मराठी, कन्नड़, तेलुगु, नेपाली, कोंकणी, मलयालम, गुजराती, राजस्थानी, कश्मीरी, डोगरी, ओड़िया, पंजाबी, संथाली, तमिल, उर्दू, बांग्ला और मैथिली में अनुवाद किया गया है।

केरल के मलयालम अनुवादक अनंत नारायणन ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘विमोचन के समय उन्होंने मुझे दो प्रारूप प्रतियां भेजी थीं। मैंने और अन्य सभी अनुवादकों ने उनमें सुधार करके तुरंत अंतिम प्रकाशन के लिए भेज दिया था। लेकिन उसके बाद बोर्ड की ओर से हमें कोई सूचना नहीं मिली।’’ उन्होंने दावा किया कि लगभग सभी अनुवादकों ने अंतिम प्रतियां भेजने के लिए प्रकाशन बोर्ड से संपर्क किया है, लेकिन अब तक ‘‘किसी को भी पुस्तक की प्रतियां नहीं मिली हैं।’’ अनुवादक ने सवाल किया, ‘‘हम सभी भूपेन हजारिका से स्नेह करते हैं और उनकी कृतियों को अपने लोगों के बीच लोकप्रिय बनाना चाहते हैं, लेकिन हमारी शिकायत यह है कि हमें अब तक पुस्तक की प्रतियां नहीं मिली हैं।

हम पाठकों को पुस्तकें कैसे बांटें?’’ उन्होंने कहा कि हजारिका की 99वीं जयंती के अवसर पर पुस्तक के विमोचन के लिए सभी अनुवादकों ने ‘‘बड़े उत्साह’’ के साथ काम किया था। इसके बाद उन्हें उम्मीद थी कि जन्मशताब्दी समारोह के दौरान पुस्तक का वितरण किया जाएगा। ‘भारत रत्न भूपेन हजारिका’ पुस्तक वरिष्ठ पत्रकार अनुराधा शर्मा पुजारी ने लिखी है।

प्रसिद्ध फिल्म समीक्षक और कवयित्री अपराजिता पुजारी ‘भूपेन हजारिका परियोजना’ की प्रभारी थीं। इस परियोजना को पुस्तक का सभी प्रमुख भारतीय भाषाओं में अनुवाद और प्रकाशन कराने की सरकारी योजना को लागू करने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। यह पूछे जाने पर कि क्या देरी को लेकर असम प्रकाशन बोर्ड ने कोई जानकारी दी है, नारायणन ने कहा कि अनुवादकों से केवल ‘‘कुछ समय इंतजार करने’’ को कहा गया था।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘मुझे लगता है कि सरकार ने 22 भाषाओं में पुस्तक का विमोचन करके केवल जनसंपर्क का काम किया था।’’ ‘पीटीआई-भाषा’ से बातचीत करने वाले कई अन्य अनुवादकों ने भी मलयालम अनुवादक के दावों की पुष्टि की। तमिल अनुवादक के. नल्लाथम्बी ने इस साल जुलाई में असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा को पत्र लिखकर पुस्तक की छपाई में असम प्रकाशन बोर्ड की ओर से बरती जा रही उपेक्षा की ओर ध्यान दिलाया था और उनसे व्यक्तिगत हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया था। नल्लाथम्बी ने बताया कि उनके ईमेल के बाद असम प्रकाशन बोर्ड ने तमिल संस्करण का अंतिम रूप प्रकाशित किया और उन्हें पांच प्रतियां भेजीं।

उन्होंने तमिलनाडु में वितरण के लिए और प्रतियां मांगीं, जिसके बाद बोर्ड ने भुगतान मिलने पर 40 और प्रतियां भेजीं। कोंकणी अनुवादक लिलेश वासुदेव कुडालकर ने कहा कि कार्यक्रम को एक साल बीत चुका है, लेकिन अनुवादकों को अब तक ‘‘एक भी प्रति’’ नहीं मिली है, जबकि सभी ने अपने-अपने राज्यों में पुस्तक को लोकप्रिय बनाने के लिए कई योजनाएं बनाई थीं। संपर्क किए जाने पर असम प्रकाशन बोर्ड के सचिव प्रमोद कलिता ने स्वीकार किया कि ‘‘कुछ’’ प्रतियों को छोड़कर संबंधित अनुवादकों को पुस्तकें नहीं भेजी गई हैं।

उन्होंने कहा कि 13 सितंबर 2025 को प्रधानमंत्री मोदी द्वारा विमोचन के समय अनुवादकों को केवल प्रारूप प्रतियां ही दी गई थीं। कलिता ने कहा, ‘‘हमने सभी से अनुरोध किया है कि वे हमें बताएं कि उन्हें कितनी प्रतियां चाहिए। हम उसी के अनुसार उन्हें पुस्तकें उपलब्ध कराएंगे।

हमारी योजना अगले साल संबंधित भाषाओं वाले राज्यों के सभी पुस्तकालयों में निशुल्क पुस्तकें भेजने की है। इसी वजह से हमने शुरुआत में केवल कुछ ही प्रतियां भेजी थीं।’’ परियोजना प्रभारी अपराजिता पुजारी ने कहा, ‘‘मैंने अनुवादकों और प्रति-संपादकों की टीम के साथ मिलकर परियोजना समय पर पूरी की और सौंप दी थी। छपाई और वितरण मेरी जिम्मेदारी नहीं है, इसलिए मुझे नहीं लगता कि मैं इस बारे में टिप्पणी करने के लिए सही व्यक्ति हूं।’’

प्रमुख खबरें

Delhi High Court में बोली ECI, Waris Punjab De के रजिस्ट्रेशन में संवेदनशील पेंच फंसा

कोई गलत काम नहीं कर रहे...अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे पर बृजभूषण सिंह बोले- कुछ सवालों को समय के साथ दफन कर देना चाहिए

Indian Students को US University कैंपस में मिलती हैं 5 नौकरियां, उठा सकते हैं खुद का खर्च

ISSF World Championship: Esha Singh के नेतृत्व में भारतीय महिला टीम ने जीता स्वर्ण पदक