By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 12, 2021
थिम्पू। भूटान में टीकाकरण अभियान की शुरुआत के पहले दिन से लेकर अब तक टीकाकरण का ग्राफ हर दिन ऊपर की तरफ ही बढ़ रहा है और यह तेजी से टीका लगाने के लिए जाने जा रहे इजराइल, अमेरिका, बहरीन और अन्य देशों से आगे निकल चुका है। देश में महज 16 दिनों के भीतर 93 फीसदी वयस्कों को कोविड-19 रोधी टीका लगाया जा चुका है। इन देशों को यहां तक पहुंचने में महीनों लगे जहां भूटान अब पहुंच चुका है। ये देश कोरोना वायरस संक्रमण के मामले बढ़ने के मद्देनजर टीकाकरण अभियान को तेजी से बढ़ाने के लिए अथक प्रयास कर रहे हैं। लेकिन भूटान में टीकाकरण अभियान लगभग समाप्ति पर है जो महज 16 दिन पहले शुरू हुआ था। भारत और चीन के बीच स्थित छोटे से इस हिमालयी देश ने 27 मार्च के बाद से करीब 93 प्रतिशत वयस्क आबादी को टीका लगा दिया है।