By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 15, 2026
बिहार के बक्सर जिले में बुधवार को एक महिला ने अपने तीन बच्चों को कथित तौर पर जहर देने के बाद खुद भी जहर निगल लिया। एक बच्चे की मौत हो गई है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) गौरव कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक महिला और उसके बच्चे घर के अंदर बेहोशी की हालत में पड़े हैं। उन्होंने कहा, “पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और महिला व उसके तीनों बच्चों को गंभीर हालत में पाया। उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां एक बच्चे को मृत घोषित कर दिया गया। महिला और दो बच्चों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया।”
पुलिस को आशंका है कि यह घटना पारिवारिक विवाद का नतीजा हो सकती है। डीएसपी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में जांच जारी है।