Bihar: मुख्यमंत्री ने राज्य आपदा रिस्पॉन्स बल वाहिनी मुख्यालय भवन का किया उद्घाटन

By प्रेस विज्ञप्ति | Sep 19, 2025

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज पटना जिला के बिहटा में राज्य आपदा रिस्पॉन्स बल (एस०डी०आर०एफ०) वाहिनी मुख्यालय के नये भवन का शिलापट्ट अनावरण एवं फीता काटकर उद्घाटन किया। उद्घाटन के पश्चात् मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित भवन एवं पूरे परिसर का निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य आपदा रिस्पॉन्स बल द्वारा बाढ़ एवं आपदा के समय किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। साथ ही वहां लगाई गई प्रदर्शनी में आपदा के समय उपयोग किए जानेवाले उपकरणों / साधनों की कार्यपद्धतियों के बारे में भी जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने वहां उपस्थित जवानों की हौसलाअफजाई की और कहा कि आपलोग इसी तरह अच्छे से काम करते रहिए।

इस योजना का शिलान्यास मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार द्वारा 30 अप्रैल, 2023 को किया गया था। उसके बाद मुख्यमंत्री द्वारा कई बार स्थल पर जाकर निर्माण कार्य का निरीक्षण भी किया गया। 11 जुलाई, 2025 को निरीक्षण के क्रम में मुख्यमंत्री के द्वारा इस योजना को शीघ्र पूरा करने, छतों पर सोलर लगाने तथा परिसर के पहुँच पथ को ठीक करने का निर्देश दिया गया।

आज उद्घाटन किए गए भवनों में 04 मंजिला प्रशासनिक भवन है जिसमें आपदा प्रबंधन विभाग के विभिन्न स्तर के पदाधिकारियों के लिए कार्यालय कक्ष का निर्माण कराया गया है। 03 मंजिला प्रशिक्षण भवन है जिसमें 06 स्मार्ट क्लास रूम, पुस्तकालय, सभाकक्ष तथा कम्प्यूटर लैब, फैकल्टी चैम्बर एवं कार्यालय कक्ष है। 03 मंजिला क्वार्टर मास्टर स्टोर है जिसमें कुल 05 बड़े-बड़े भण्डार कक्ष हैं जिसमें आपदा से जुड़े आवश्यक उपकरण नाव आदि रखे जाएंगे। 03 मंजिला क्यू०आर०टी० भवन है जिसमें बहुउद्देशीय हॉल, डॉरमेट्री, डायनिंग

हॉल आदि हैं। राज्य आपदा रिस्पांस बल के कर्मियों के आवासन हेतु 03 बैरक का निर्माण किया गया है। एक बैरक में 100 लोगों के रहने की व्यवस्था है, इस प्रकार 03 बैरक में कुल 300 लोग रह सकते हैं। हेड कांस्टेबलों एवं कास्टेबलों के आवासन हेतु बहुमंजिले भवन में कुल 132 यूनिट फ्लैट बनाये गये हैं। ऑफिसर्स मेस में कुल 06 गेस्ट रूम, मीटिंग रूम तथा डाइनिंग हॉल हैं। कमान्डेंट, डिप्टी कमान्डेंट, इंस्पेक्टर, सब इंस्पेक्टर तथा डॉक्टर के आवासन हेतु अलग-अलग भवनों का निर्माण किया गया है।

इसे भी पढ़ें: सीट बंटवारे की खींचतान के बीच पटना में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, CWC की अहम बैठक

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार, मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के सचिव श्री कुमार रवि, आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव सह पटना प्रमंडल के आयुक्त डॉ० चंद्रशेखर सिंह, जिलाधिकारी डॉ० त्यागराजन एस०एम०, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री कार्तिकेय के० शर्मा सहित अन्य वरीय अधिकारीगण, राज्य आपदा रिस्पॉन्स बल के पदाधिकारी एवं जवान उपस्थित थे।

प्रमुख खबरें

Delhi Metro के सेवा तीर्थ स्टेशन पर ट्रेन के आगे कूदा अज्ञात व्यक्ति, हुई मौत

Navy Chief एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन ने Mauritius PM से मुलाकात कर समुद्री सुरक्षा पर चर्चा की

NIA ने Manipur IED attack मामले में पालाल थाडौ को किया गिरफ्तार, 10 दिन की हिरासत

Noida में असम की युवती की हत्या का आरोपी Raman Raj गिरफ्तार, बिहार से ला रही पुलिस