जीतन राम मांझी को लगा झटका, राष्ट्रीय प्रवक्ता और प्रदेश अध्यक्ष ने दिया इस्तीफा

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 06, 2019

पटना। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी की हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) को बुधवार को तब झटका लगा जब उसके प्रदेश अध्यक्ष वृषण पटेल और राष्ट्रीय प्रवक्ता दानिश रिजवान ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया और एकदूसरे के खिलाफ तीखे हमले किये। रिजवान द्वारा इस्तीफा देने और उसकी प्रति सोशल मीडिया पर साझा करने तथा पटेल पर पार्टी धनराशि का दुरुपयोग करने का आरोप लगाने के कुछ ही देर बाद प्रदेश अध्यक्ष ने भी यह घोषणा की कि वह भी हम छोड़ रहे हैं। पटेल ने कहा कि वह मांझी द्वारा पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के धरने की आलोचना किये जाने से निराश हैं क्योंकि यह महागठबंधन के रुख के खिलाफ है। पटेल ने यह भी कहा कि वह मांझी द्वारा राष्ट्रीय प्रवक्ता के खिलाफ कार्रवाई करने में असफल रहने से भी निराश हैं जो राजग से नजदीकी बढ़ा रहे हैं।

इसे भी पढ़ें: पासवान पर मांझी का हमला, कहा- SC/ST संशोधन विधेयक का ले रहे हैं श्रेय

रिजवान ने पार्टी से इस्तीफा देने से तीन दिन पहले राहुल गांधी की पटना रैली को असफल बताया था जिसमें मांझी भी शामिल हुए थे। रिजवान ने इसके साथ ही हम नेता मांझी से कांग्रेस के साथ गठबंधन पर पुनर्विचार करने का आग्रह भी किया था। मांझी ने अपनी पार्टी में हुए इस घटनाक्रम पर अभी तक कोई टिप्पणी नहीं की है। उन्होंने रिजवान और हम के एक अन्य प्रवक्ता विजय यादव की टिप्पणियों से असहमति जतायी है और कहा है कि मैं पता लगाऊंगा और यदि मेरी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने वास्तव में ऐसा बयान दिया है तो हो सकता है कि उन्हें अनुशासनात्मक कार्रवाई का सामना करना पड़े। पटेल ने गांधी की रैली पर रिजवान की टिप्पणी की आलोचना की थी और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।

इसे भी पढ़ें: जीतन राम मांझी का दावा, बिहार की 20 लोकसभा सीटों पर लड़ेंगे चुनाव

रिजवान ने मांझी को लिखे अपने इस्तीफे में कांग्रेस की रैली के मामले का कोई उल्लेख नहीं किया लेकिन यह कहा कि मैं हम को अपना घर मानता हूं और प्रदेश अध्यक्ष द्वारा उसे दीमक की तरह खाने पर मूक दर्शक नहीं बना रह सकता। पटेल ने यद्यपि रिजवान के आरोपों को खारिज कर दिया और दावा किया कि उन्होंने (रिजवान) इस आशंका के चलते इस्तीफा दिया कि उन पर गाज गिर सकती है क्योंकि मांझी ने इस बात को गंभीरता से लिया है। उन्होंने बयान जारी कर यह संकेत भी दिया कि वह तीन मार्च को आयोजित होने वाली राजग की उस रैली में गठबंधन में शामिल हो सकते हैं जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा संबोधित किये जाने की उम्मीद है। रिजवान ने इसके जवाब में पटेल का मखौल उड़ाया और कहा कि उन्हें मेरे राजग में शामिल होने के निर्णय के बारे में सपने में पता चला होगा।

प्रमुख खबरें

KKR vs DC IPL 2024: सॉल्ट और चक्रवर्ती के तूफान में उड़ी दिल्ली, कोलकाता की शानदार जीत

कनाडा और उड़ानों, वायु मार्गों को जोड़ने के लिए भारत के साथ काम कर रहा : PM Trudeau

भीषण गर्मी के बीच Jharkhand सरकार ने 8वीं तक की कक्षाएं निलंबित कीं

Ola Mobility के CEO हेमंत बख्शी का इस्तीफा, 10-15 प्रतिशत कर्मचारियों की हो सकती छंटनी