बिहार के मंत्री विनोद कुमार सिंह का कोरोना के बाद की समस्याओं के कारण निधन

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 12, 2020

पटना। बिहार के पिछड़ा वर्ग एवं अतिपिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री विनोद कुमार सिंह का कोविड-19 के बाद की समस्याओं की वजह से रविवार को नयी दिल्ली स्थित एक अस्पताल में निधन हो गया। बिहार के कटिहार जिला के प्राणपुर से भाजपा विधायक रहे 55 वर्षीय सिंह के परिवार में दो पुत्री और पत्नी है। राज्यपाल फागू चौहान ने विनोद कुमार सिंह के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। राज्यपाल ने अपने शोक संदेश में कहा कि दिवंगत विनोद एक कुशल प्रशासक, संवेदनशील राजनेता एवं समर्पित समाजसेवी थे। उन्होंने अपनी कर्तव्यपरायणता, ईमानदारी और जनसेवा के बल पर आम जनता में काफी लोकप्रियता अर्जित की। उनके निधन से सामाजिक-राजनीतिक जगत को अपूरणीय क्षति हुई है। चौहान ने दिवंगत मंत्री की आत्मा की शांति तथा उनके शोक-संतप्त परिजनों-प्रशंसकों को धैर्य-धारण की क्षमता प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विनोद कुमार सिंह के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा कि दिवंगत विनोद जमीन से जुडे़ राजनेता थे। वे मंत्रिमंडल में मेरे सहयोगी थे। वे एक कुशल प्रशासक एवं लोकप्रिय राजनेता थे। उनके असामयिक निधन से मुझे व्यक्तिगत रूप से दुःख पहुंचा है। उनके निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड काल के लिये वर्तमान में लागू दिशा-निर्देश के तहत राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जायेगा। उन्होंने दिवंगत आत्मा की चिर शान्ति तथा उनके परिजनों एवं प्रशंसकों को दुःख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है। उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने मंत्री विनोद सिंह के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत विनोद के परिजनों के प्रति आत्मिक संवेदना व्यक्त करते हुए उनके तमाम शुभचिंतकों एवं समर्थकों को दुख की इस घड़ी में धैर्य व दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है। बिहार विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी ने विनोद कुमार सिंह के निधन पर गहरी संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि उनके निधन से प्रदेश के राजनीतिक जगत को अपूरणीय क्षति हुई है। 

इसे भी पढ़ें: बिहार चुनाव: भाजपा के 'शह' पर जदयू को मात देने की तैयारी में लोजपा?

बिहार विधान परिषद् के कार्यकारी सभापति अवधेश नारायण सिंह ने दिवंगत मंत्री के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि विनोद बाबु के निधन से प्रदेश को अपूरणीय क्षति हुई है। उनकी गिनती बिहार भाजपा के कद्दावर नेताओं के रूप में होती थी। उनकी कमी को निकट भविष्य में पूरी नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें तथा शोकग्रस्त परिवार को धैर्य एवं दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।  बिहार में सत्ताधारी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में शामिल हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने राज्य के मंत्री विनोद कुमार सिंह के आकस्मिक निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की है। मांझी ने कहा वह सरल स्वभाव के एक अच्छे इंसान, सामाजिक कार्यकर्ता के साथ-साथ अच्छे राजनेता थे।

प्रमुख खबरें

Vitamin C से भरपूर Orange Peel Scrub से दूर होगी Dry Skin, चेहरा बनेगा सॉफ्ट और ग्लोइंग

Asian Games 2026 | Satwiksairaj Rankireddy और Chirag Shetty की चौंकाने वाली हार से बिगड़ा भारत का गणित, हाथ से निकले कई गोल्ड मेडल

UPITS 2026: यूपीआईटीएस-2026 में दिखी यूपी की ग्लोबल ताकत, शामिल हुए 90 देशों के खरीदार, CM योगी बोले- इंडस्ट्रियल हब के तौर पर उभर रहा प्रदेश

Rajasthan Mayor Elections: Jodhpur में जीते Prasann Chand Mehta, Jaipur और Kota में भी BJP का कब्जा