By अभिनय आकाश | Jan 26, 2025
नवीन पटनायक के नेतृत्व वाली बीजेडी ने पार्टी के आगामी संगठनात्मक चुनाव के मद्देनजर अपने सभी राज्य स्तरीय फ्रंटल संगठनों को भंग कर दिया। शनिवार को पटनायक द्वारा जारी एक आदेश में कहा गया कि सभी राज्य स्तरीय फ्रंटल संगठन जैसे बीजू महिला जनता दल, बीजू युवा जनता दल, बीजू छात्र जनता दल, बीजू श्रमिक समूह, कानूनी सेल और अप्रवासी सेल को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया गया है। बीजद ने हाल ही में वरिष्ठ विधायक प्रताप केशरी देब को अपने संगठनात्मक चुनावों के लिए रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किया है। ओडिशा में 24 साल तक सत्ता पर काबिज रही बीजेडी को 2024 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी से हार मिली थी।
उन्होंने यह भी खुलासा किया कि जल्द ही एक चुनाव कार्यक्रम तैयार किया जाएगा और संगठनात्मक चुनाव शुरू होने से पहले चुनाव संचालन और निगरानी अधिकारियों की नियुक्ति की जाएगी। देब ने मीडियाकर्मियों को यह भी बताया था कि संगठनात्मक चुनाव की पूरी प्रक्रिया तीन महीने के भीतर पूरी कर ली जाएगी। पार्टी का लक्ष्य 2027 में होने वाले पंचायत और शहरी स्थानीय निकाय चुनावों को ध्यान में रखते हुए अपने संगठन को जमीनी स्तर से राज्य स्तर तक मजबूत करना है।