भाजपा, कांग्रेस सबरीमाला को लेकर कर रही है गंदी राजनीति: भाकपा

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 18, 2018

हैदराबाद। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) ने बृहस्पतिवार को भाजपा-आरएसएस और कांग्रेस पर सबरीमला मुद्दे पर ‘दोमुंही बात’ करने और ‘गंदा खेल’ खेलने का आरोप लगाया है। भाकपा केरल में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के नेतृत्त्व वाली वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) सरकार का दूसरा सबसे बड़ा घटक दल है। भाकपा के राष्ट्रीय महासचिव एस सुधाकर रेड्डी ने केरल में उच्चतम न्यायालय के फैसले के खिलाफ विरोध प्रदर्शन को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताया।

रेड्डी ने कहा कि उन्हें (प्रदर्शनकारियों) अपनी भवानाओं के बावजूद उच्चतम न्यायालय के फैसले का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि लैंगिक समानता को 21वीं शताब्दी में स्वीकार करना होगा। पुरानी चीजों को इस तरह से जारी नहीं रख सकते। उच्चतम न्यायालय के फैसले के खिलाफ निलक्कल में बुधवार को प्रदर्शनकारियों का विरोध प्रदर्शन हिंसा में तब्दील हो गया और पुलिस के साथ प्रदर्शनकारियों की झड़प हुई, जिन्होंने उनपर लाठी-चार्ज भी किया।

उन्होंने कहा कि राज्य के आधार पर प्रदर्शन का राजनीतिक कोण बदल गया है क्योंकि केरल में वाम मोर्चा की सरकार है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) व राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने तो फैसले का राष्ट्रीय स्तर पर स्वागत किया था लेकिन केरल में वे विरोध कर रहे हैं। इसलिए यह एक गंदा खेल है। लोगों के बीच बहुत सी ऐसी मान्यताएं हैं जो अवैज्ञानिक है। इसे जारी नहीं रखा जा सकता। आरएसएस-भाजपा इसे लेकर दोमुंही बात कर रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि उच्चतम न्यायालय ने सबरीमला के अयप्पा मंदिर में सभी आयुवर्ग की महिलाओं को प्रवेश करने की अनुमति दी थी, जिसका बड़े पैमाने पर मंदिर के श्रद्धालु विरोध कर रहे हैं।

प्रमुख खबरें

धार्मिक मान्यताओं का अपमान करने के आरोप में प्रधानाध्यापक समेत दो शिक्षकों के खिलाफ प्राथमिकी

पिछले कुछ दिन से बीमार था, लगा कि आज खेल नहीं सकूंगा : Siraj

Punjab के पटियाला में भाजपा उम्मीदवार के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान एक किसान की मौत

Mau में बच्चों संग अलग रह रही महिला की पति ने चाकू मारकर हत्‍या की