यूपी चुनाव के लिए भाजपा की पहली सूची जारी, गोरखपुर शहर से योगी आदित्यनाथ को टिकट, केशव मौर्य भी लड़ेंगे चुनाव

By अंकित सिंह | Jan 15, 2022

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर सभी पार्टियों ने अपने उम्मीदवारों की सूची जारी करने की शुरुआत कर दी है। इसी कड़ी में सत्तारुढ़ भारतीय जनता पार्टी ने अपनी पहली सूची जारी की। दिल्ली के भाजपा हेड क्वार्टर में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री और उत्तर प्रदेश के चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि हमारी सरकार सभी को साथ लेकर चलेगी। सबका साथ, सबका विकास ही हमारा प्रयास है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब कल्याण के लिए एक नई विश्वास आज देश में सामने आई है। उन्होंने कहा कि देश की जनता का विश्वास भाजपा पर है और एक बार फिर से पार्टी उत्तर प्रदेश में चुनाव जीतेगी। आज कुल 107 सीटों पर नामों का ऐलान हुआ। धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि 107 में से 83 सीटों पर भाजपा के विधायक थे लेकिन सिर्फ 63 विधायकों को ही फिर से उम्मीदवार बनाया गया है। जिन 20 लोगों को टिकट नहीं दिया गया है उन्हें संगठन के काम में लगाया गया है जबकि 21 नए प्रत्याशियों को शामिल किया गया है। धर्मेंद्र प्रधान ने अपने संबोधन में बताया कि पहले चरण के 58 सीटों में से 57 सीटों के लिए उम्मीदवार जबकि दूसरे चरण के 55 में से 48 सीटों के लिए भी उम्मीदवारों के नाम की घोषणा हो गई। बाकी के नामों पर चर्चा पार्लियामेंट्री बोर्ड कर चुकी है और पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा को इसकी जिम्मेदारी दे दी गई है। अपने ऐलान में धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि योगी आदित्यनाथ गोरखपुर शहर से चुनावी मैदान में उतरेंगे जबकि केशव प्रसाद मौर्य प्रयागराज जिले के सिराथू सीट से चुनावी मैदान में उतरेंगे। बाकी नामों की घोषणा करते हुए पार्टी महासचिव अरुण सिंह ने बताया कि नोएडा से पंकज सिंह उम्मीदवार होंगे। अतरौली से संदीप सिंह को फिर से टिकट दिया गया है। साहिबाबाद से सुनील शर्मा चुनावी मैदान में होंगे जबकि मथुरा से श्रीकांत शर्मा एक बार फिर से चुनाव लड़ेंगे। जेवर से धीरेंद्र सिंह को पार्टी ने टिकट दिया है। बेबी रानी मौर्य को आगरा ग्रामीण से टिकट दिया गया है। गाजियाबाद से अतुल गर्ग के प्रत्याशी होंगे। आगरा कैंट से डॉक्टर जी एस धर्मेश को टिकट दिया गया है। आगरा दक्षिण से योगेंद्र उपाध्याय चुनावी मैदान में होंगे। दूसरे चरण में बेहट से नरेश सैनी को टिकट दिया गया है। सहारनपुर नगर से राजीव गुंबर को टिकट दिया गया है। सहारनपुर से जगपाल सिंह को टिकट दिया गया है। देवबंद से बृजेश सिंह रावत चुनावी मैदान में होंगे। नजीमाबाद से कुंवर भारतेंदु सिंह को टिकट दिया गया है। नगीना से डॉक्टर जसवंत को टिकट दिया गया है। धामपुर से अशोक कुमार राणा को टिकट दिया गया है। धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि योगी जी की सरकार ने पिछले 5 साल में गुंडाराज, भ्रष्टाचारियों, माफियों पर नकेल कसने का काम किया है। बेटियां रात में भी निडर होकर घूम सकती हैं। मैं दावे से कह सकता हूं कि योगी जी ने यूपी को दंगामुक्त राज्य बनाकर दिया है। आज यूपी में मेडिकल कॉलेज खुल रहे हैं, एक्सप्रेस-वे बन रहे हैं। जो यूपी एक समय में बीमारू राज्य के रूप में जाना जाता था, आज वही यूपी देश में विकास के रूप में नंबर-1 बनकर ऊभरा है।

प्रमुख खबरें

DUSU Election 2026-27 के चार पदों के लिए वोटों की गिनती शुरू

Petrol Pump UPI Payment Limit New Rule | मध्य प्रदेश में पेट्रोल पंप 16 अक्टूबर से 2,000 रुपये से ज़्यादा के UPI पेमेंट नहीं करेंगे स्वीकार

19 सितंबर को Radha Ashtami और Mahalakshmi Vrat, सुबह 11:01 से पूजा का Shubh Muhurat

Hardoi में पारिवारिक विवाद के बाद महिला की नाक कटी, पति हिरासत में