बीजेपी आलाकमान कई हारे दिग्गजों को परिषद में भेजने की तैयारी में

By अजय कुमार | Mar 15, 2022

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में शानदार तरीके से ‘योगी रिटर्न’ के बाद अब भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश विधान परिषद के चुनाव में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। परिषद  के स्थानीय प्राधिकारी क्षेत्र की 36 विधान परिषद सीटों पर चुनाव की प्रक्रिया 15 मार्च से शुरू हो जाएगी। इन चुनावों के बाद विधान परिषद में भी भाजपा के बहुमत में आ जाने की संभावना काफी प्रबल है। दोनों सदनों में बहुमत होने का फायदा योगी सरकार-टू को मिलेगा, दोनों सदनों में बहुमत के बाद वह कई महत्वपूर्ण बिल पास करा सकते हैं, जो पिछली सरकार में परिषद में बहुमत नहीं होने के कारण अधर में लटके हुए थे। इसके साथ-साथ इन चुनावों के जरिए बीजेपी अपने उन दिग्गजों को भी परिषद का सदस्य बना सकती हैं,जो विधान सभा चुनाव में हार गए थे, लेकिन पार्टी के लिए इनका किरदार काफी अहम रहा है। 

इसे भी पढ़ें: जम्मू कश्मीर: सुरक्षा बलों ने पुलवामा में जैश के आतंकी को गिरफ्तार

गौरतलब हो, पहले यह चुनाव विधानसभा चुनाव के साथ ही करवाने का कार्यक्रम था। चुनाव आयोग ने इसके लिए बाकायदा अधिसूचना भी जारी कर दी थी,लेकिन तमाम राजनैतिक दलों को यह चुनाव कार्यक्रम रास नहीं आ रहा था। इस बारे में प्रमुख राजनीतिक दलों की ओर से केन्द्रीय चुनाव आयोग को पत्र भेजे गये थे और विधान सभा तथा विधान परिषद चुनाव के मतदान की तारीख में टकराव का हवाला देते हुए विधान परिषद की सीटों के चुनाव कार्यक्रम में बदलाव किये जाने का अनुरोध किया। इसके बाद चार फरवरी को इस बाबत जारी अधिसूचना को आयोग ने निरस्त कर दिया। अब इन चुनावों की पूरी प्रक्रिया 15 मार्च से शुरू होगी। 

खैर, बात परिषद की राजनीति की कि जाए तो 100 सदस्यों(सीटों) वाली विधान परिषद में स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्रों की 36 सीटें यहां राजनीतिक दलों का गणित बदलती रही हैं। वर्ष 2016 के चुनाव में समाजवादी पार्टी की 31 सीटें आई थीं। तब सपा सत्ता में थी। दो सीटों पर पर बसपा जीती थी। रायबरेली से कांग्रेस के दिनेश प्रताप सिंह जीते थे। बनारस से बृजेश कुमार सिंह व गाजीपुर से विशाल सिंह ‘चंचल’ चुने गए थे। दिनेश प्रताप सिंह बाद में भाजपा में शामिल हो गए। यह चुनाव इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि भाजपा इसमें अधिक से अधिक सीटें जीतकर विधान परिषद में बहुमत हासिल करना चाहेगी, जबकि सपा अपनी सीटें बचाने में जुटेगी।

 ज्ञातव्य हो, विधान परिषद में स्थानीय प्राधिकार निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में नगर निगम, नगर पालिका परिषद, नगर पंचायतें, जिला पंचायतें, क्षेत्र पंचायतें व छावनी बोर्ड के सदस्य मतदान करते हैं। वर्ष 2016 के चुनाव में कुल 1,27,491 मतदाता थे। यह चुनाव 938 मतदान केंद्रों पर हुआ था। इस बार के चुनाव में यह संख्या करीब 1.40 लाख होने की उम्मीद है। आयोग द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार  30 विधान परिषद सीटों के लिए 15 मार्च से नामांकन दाखिल किए जाएंगे। 19 मार्च नामांकन दाखिले की आखिरी तारीख होगी। 21 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 23 मार्च तक नामांकन वापस लिए जा सकेंगे। अगर जरूरी हुआ और एक सीट पर एक से अधिक नामांकन हुए तो 09 अप्रैल को मतदान करवाया जाएगा।

12 अप्रैल को मतगणना करवाई जाएगी और परिणाम घोषित होंगे। पहले चरण में जिन 30 सीटों पर चुनाव होने हैं, उसमंे मुरादाबाद-बिजनौर,रामपुर-बरेली, बदायूं,पीलीभीत-शाहजहांपुर,हरदोई,खीरी,सीतापुर,लखनऊ-उन्नाव,रायबरेली, प्रतापगढ़,सुलतानपुर,बाराबंकी,बहराइच,आजमगढ़-मऊ, गाजीपुर, जौनपुर, वाराणसी, मीरजापुर-सोनभद्र,इलाहाबाद,बांदा-हमीरपुर,झांसी-जालौन-ललितपुर,कानपुर-फतेहपुर, इटावा-फर्रुखाबाद, आगरा-फिरोजाबाद, मथुरा-एटा-मैनपुरी, अलीगढ़, बुलंदशहर, मेरठ-गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर-सहारनपुर। बता दें मथुरा-एटा-मैनपुरी सीट से दो सदस्य चुने जाते हैं बाकी सभी निर्वाचन क्षेत्रों से एक-एक सदस्य का चुनाव होता है।

दूसरे चरण में गोण्डा,फैजाबाद,बस्ती-सिद्धार्थनगर,गोरखपुर-महाराजगंज, देवरिया और बलिया स्थानीय निकाय क्षेत्र की छह विधान परिषद सीटों के लिए नामांकन 15 मार्च से दाखिल होना शुरू होंगे। 22 मार्च नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख होगी। 23 मार्च नामांकन पत्रों की जांच होगी। 25 मार्च नामांकन वापसी की आखिरी तारीख तय की गयी है। नौ अप्रैल को मतदान होगा। 12 अप्रैल को मतगणना करवायी जाएगी। उसी दिन परिणाम की घोषणा जाएगी।

प्रमुख खबरें

Buddh Purnima 2026: Lord Vishnu के 9वें अवतार Gautam Buddha का महासंयोग, जानें शुभ मुहूर्त और पूजा विधि

West Bengal Elections | 4 मई के महामुकाबले की तैयारी, BJP ने बुलाई हाई-प्रोफाइल बैठक, ममता को जीत का चौका लगाने का भरोसा

टैरिफ की धमकी दी और युद्ध रुक गया, Donald Trump ने फिर दोहराया भारत-पाकिस्तान संघर्ष सुलझाने का दावा

बंगाल चुनाव में जासूसी कांड? मतदाताओं की जेब में मिले कैमरे, 77 बूथों पर फिर से वोटिंग की आहट