By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 10, 2022
पणजी। गोवा विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को कहा कि उनकी पार्टी को महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी (एमजीपी) का समर्थन मिलने का पूरा भरोसा है क्योंकि दोनों ही पार्टियां समान विचारधारा वाली हैं। यहां एक लग्जरी होटल के बाहर पत्रकारों से बात करते हुए भाजपा के गोवा चुनाव प्रभारी ने कहा कि उनकी पार्टी को गोवा में पूर्ण बहुमत मिलेगा। फडणवीस ने कहा कि भाजपा की जीत सभी समान विचारधारा वाली ताकतों को साथ ले आएगी। दरअसल, भाजपा और एमजीपी के बीच संबंधों में 2019 में उस समय खटास आ गई थी, जब गोवा में मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल से एमजीपी के दो मंत्रियों को हटा दिया गया था। गोवा की 40 सदस्यीय विधानसभा के लिए 14 फरवरी को मतदान हुआ था और इसके नतीजे बृहस्पतिवार को घोषित किए जाएंगे।