By अंकित सिंह | Feb 13, 2025
दिल्ली में अगले सप्ताह भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार के कार्यभार संभालने की संभावना है। इसको लेकर तैयारी भी शुरू हो चुकी है। इसी कड़ी में बड़ी खबर निकलकर सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि भाजपा ने 100-दिवसीय कार्य योजना तैयार किया है और इसको लेकर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए जा चुके हैं। अधिकारियों ने कहा कि नौकरशाह विकसित दिल्ली और आयुष्मान भारत जैसी लंबित केंद्रीय योजनाओं को लागू करने और सीवर ओवरफ्लो और जलभराव से निपटने के लिए 100-दिवसीय कार्य योजना तैयार करने में व्यस्त हैं।
अधिकारियों ने कहा कि दिल्ली सरकार का सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) 100 दिनों की कार्ययोजना तैयार करेगा और इसे नई सरकार के समक्ष प्रस्तुत करने के लिए तैयार रखेगा। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग को आयुष्मान भारत स्वास्थ्य बीमा योजना को लागू करने के लिए एक कैबिनेट नोट तैयार करने के लिए कहा गया है, जिसे पिछली आम आदमी पार्टी सरकार ने दिल्ली में लागू नहीं किया था। विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान भाजपा के सभी शीर्ष नेताओं ने सत्ता में आने के तुरंत बाद इस योजना को लागू करने का वादा किया था।
यह योजना लाभार्थियों को 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज प्रदान करती है, जिसमें राज्य सरकार की ओर से 5 लाख रुपये का अतिरिक्त कवर भी शामिल है। अधिकारियों ने बताया कि विभाग प्रमुखों को केंद्र सरकार की कई अन्य योजनाओं पर भी काम शुरू करने का निर्देश दिया गया, जिन्हें पिछली सरकार ने दिल्ली में लागू नहीं किया था। एमसीडी, एनडीएमसी, दिल्ली जल बोर्ड, डीयूएसआईबी और सिंचाई एवं बाढ़ विभाग जैसे नागरिक निकाय भी नालों की उचित सफाई और सफाई के लिए कदम उठाएंगे।